खरसियाछत्तीसगढ़रायगढ़

JSW नहरपाली प्लांट के गर्ल्स हॉस्टल में असिस्टेंट मैनेजर की संदिग्ध मौत,जांच में जुटी पुलिस…


खरसिया।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र अंतर्गत नहरपाली स्थित JSW Steel प्लांट के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार शाम एक महिला अधिकारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान खुशबू चौबे (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कंपनी के SMS विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद औद्योगिक परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई।


कुमारी खुशबू चौबे मूल रूप से जमशेदपुर (झारखंड) की निवासी थीं और नहरपाली स्थित प्लांट परिसर के भीतर बने गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थीं। गुरुवार शाम हॉस्टल में रहने वाली अन्य कर्मचारियों ने उनके कमरे में फांसी में लटकते शव देखा, जिसके बाद तत्काल कंपनी प्रबंधन और भूपदेवपुर थाना को सूचना दी गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्यवाही की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल खरसिया भेजा गया। शुक्रवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम संपन्न हुआ। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव एम्बुलेंस में लेकर गृह नगर रवाना हो गए।

पुलिस के अनुसार,मृतका के लैपटॉप और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। हॉस्टल में रह रहे अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछ-ताछ की जा रही है। थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि जांच हर संभावित पहलू से की जा रही है—व्यक्तिगत,पेशेवर और मनोवैज्ञानिक कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

औद्योगिक परिसरों में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा,मानसिक स्वास्थ्य और कार्य-परिस्थितियों को लेकर यह घटना कई सवाल खड़े करती है। हालांकि,जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाजी होगा।

यह मामला न केवल कंपनी प्रबंधन बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम कर रहे कर्मचारियों के लिए भी चिंता का विषय है। पुलिस जांच के निष्कर्षों से ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य परिस्थिति से जुड़ा हुआ। फिलहाल,प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता तथ्यात्मक जांच और परिजनों को न्याय सुनिश्चित करना है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!