खरसिया।रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चपले में एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 1 मई 2026 की शाम करीब 04 बजे आरोपी सुंदरम चौहान ने अपनी पत्नी निकीता चौहान पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला को हाथ और पीठ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया,जबकि स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को तत्काल हाॅस्पिटल पहुंचाया गया।
पीड़िता निकीता चौहान (20 वर्ष), मूलतः ग्राम पतरापाली कोतरलिया, थाना चक्रधनगर की निवासी है और वर्तमान में पुरुषोत्तम पटेल के किराए के मकान में अपने पति प्रेम विवाह रिलेशनसीप के साथ रह रही थी। अपने लिखित आवेदन में उसने बताया कि उसका पति मजदूरी करता है और अक्सर शराब के नशे में आकर उस पर चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करता है। घटना वाले दिन भी इसी प्रकार के विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला किया।
पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर आरोपी सुंदरम चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से घरेलू विवाद और शराब के प्रभाव में हिंसक व्यवहार कर रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



