शहर मौत का है, पर सिखाता ज़िंदगी है – बनारस यात्रा की दास्तान…

अगर आप सोचते हैं कि बनारस सिर्फ़ घाटों, पंडों और भोलेनाथ के भक्तों से भरा एक साधारण शहर है, तो ज़रा रुकिए! बनारस केवल एक शहर नहीं,बल्कि एक अलग ही लोक है, जहाँ समय का कोई मतलब नहीं और गंगा से ज़्यादा ठसक वाली चीज़ यहाँ की चाय है।

तो चलिए, आपको लिए चलते हैं इस मानसिक बनारस यात्रा में, जहाँ मौत भी मुस्कुराती है और ज़िंदगी भी ठहाके लगाती है।

रेलवे स्टेशन से लेकर गलियों तक – क़दम-क़दम पर परीक्षा
बनारस कैंट स्टेशन पर उतरते ही आपका स्वागत होगा—भीड़ से, ठेलम-ठेल से, और अगर आप भाग्यशाली हुए तो किसी ठेलेवाले के गाड़ी के पहिए से टकराकर आपके पैरों की हल्की मालिश भी हो सकती है। अगर ऑटो पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं, तो पहले अपनी मोलभाव की स्किल सुधार लीजिए, क्योंकि यहाँ “बस पाँच मिनट का रास्ता” भी आधे घंटे और ₹200 में तय होता है।
घाटों की महिमा–यहाँ आत्मा भी विश्राम करती है…

अस्सी घाट पर आकर एक कप चाय न पी, तो समझिए बनारस बेकार गया। घाटों पर साधु-संत से लेकर इंस्टाग्राम के इन्फ्लुएंसर तक सब मौजूद रहते हैं। वहीं, मणिकर्णिका घाट पर आपको जीवन और मृत्यु का वह संगम मिलेगा, जो पूरी दुनिया में दुर्लभ है—एक तरफ़ शवदाह, तो दूसरी तरफ़ गंगा में मस्ती करते सैलानी।
खाने का स्वर्ग–अगर पेट संभाल सको तो ही ट्राई करें…

बनारस में खाना सिर्फ़ पेट भरने का ज़रिया नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुभव है। कचौड़ी-जलेबी से दिन की शुरुआत करें और फिर चाट के ठेलों पर खुद को चुनौती दें। पान के बिना यात्रा अधूरी ही मानी जाएगी, लेकिन सावधान! अगर आपने ज़्यादा बनारसी स्टाइल में खा लिया, तो सिर चकराना और आँखों में आँसू आना तय है।
सड़कें–ट्रैफ़िक नहीं,दर्शन हैं…

कभी फुर्सत निकालो, तुम्हें बनारस घुमाते हैं…
बनारस की सड़कों पर चलते हुए आपको स्कूटर,बैल,साइकल,रिक्शा और अचानक बीच में आ जाने वाली बारात का दर्शन एक साथ मिलेगा। यहाँ पैदल चलने वाले, बाइक वाले और गाय—सब बराबर के हक़दार हैं। अगर आप दिल्ली या मुंबई से आए हैं, तो यहाँ का ट्रैफ़िक देखकर अपनी गाड़ियों को धन्यवाद देना न भूलें।
बनारस आपको छोड़ेगा नहीं…

बनारस में आना आसान है, लेकिन इसे भूल पाना असंभव। यह एक ऐसा शहर है, जो आपको ज़िंदगी के दर्शन कराएगा—हल्के-फुल्के अंदाज़ में लेकिन गहरी सीख के साथ। यहाँ मौत भी ठहाके लगाकर आती है, और ज़िंदगी हर कोने में नाचती-गाती मिलती है।

तो अगली बार जब ज़िंदगी से ऊब जाएँ,तो बनारस चले आइए—यहाँ आपको खुद को खोने और फिर से पाने का मौक़ा मिलेगा।




