उमेश पटेल ने कृषि मंत्री को घेरा,03 लाख हेक्टेयर रकबा का धान कहां गया ? क्यों नहीं हुई खरीदी ? फिर शुरू हुई तकरार…

रायपुर। खरसिया विधायक उमेश पटेल ने धान खरीदी को लेकर जब सवाल उठाया तो सरकार के मंत्री भी हड़बड़ा गए। दूसरे मंत्री द्वारा जवाब दिए जाने लगे तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने व्यवस्था का मुद्दा उठा दिया। मामला धान खरीदी में रकबा कम होने का है।
विधानसभा सत्र के दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल ने अपने पूरक प्रश्न में कृषि मंत्री से यह पूछा कि इस साल कितने रकबे की धान खरीदी की गई है। इस पर कृषि मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि इस साल 26.63 लाख हेक्टेयर रकबा की धान खरीदी हुई है। इस पर उमेश पटेल ने कहा कि पिछली बार 29.06 लाख हेक्टेयर की खरीदी हुई थी। तो लगभग तीन लाख हेक्टेयर की धान खरीदी कम क्यों हुई ? इसके बाद सत्ता पक्ष की ओर से यह कहा गया कि अभी धान खरीदी चल ही रही है। इसके बाद विपक्ष ने एक साथ बोलना शुरू कर दिया कि धान खरीदी बंद हो गई है।
इस बीच सत्ता पक्ष का बचाव करते हुए यह कहा गया कि पिछली बार 15 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से खरीदी की जा रही थी। इस जवाब के बाद विधायक उमेश पटेल ने व्यवस्था का मुद्दा उठाया जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने विधानसभाध्यक्ष को कहा कि आप निर्देशित करें कि जवाब जिन्हें देना है वे दें या अपने आसंदी से जवाब दें।
विधायक उमेश पटेल किसानों के मुद्दे पर लगातार सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। सबसे पहले जब सरकार बनाने में देर हो रही थी तब भी उन्होंने यह मांग की थी कि सरकार बनने में देरी होने से किसानों को धान बेचने में दिक्कत हो रही है वे पेशोपोश में हैं।




