शराब दुकान में खपाई जा रही थी नकली शराब : सेल्समैन के घर से मिला पूरा कारखाना,ग्रामीणों ने किया पर्दाफाश
बलौदा बाजार के ग्राम संडी में देर रात ग्रामीणों ने ऐसा खुलासा किया,जिसने आबकारी विभाग और शराब कारोबार की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दो आरोपीत गिरफ्तार
बलौदा बाजार। जिले की शराब दुकानों में चल रहे कथित गोरखधंधे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम संडी में मंगलवार 09 जून की देर रात ग्रामीणों ने ऐसा खुलासा किया, जिसने आबकारी विभाग और शराब कारोबार की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
झोले में शराब ले जाते पकड़ाए युवक
जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ लिया। जब उनसे पूछ-ताछ की गई तो उन्होंने जो बताया, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। युवकों ने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आ रहे हैं और इसे दुकान में रखा जाना था।
घर पहुंचते ही सामने आया चौंकाने वाला नजारा
इसके बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंच गए। वहां जो नजारा दिखाई दिया, उसने सभी को चौंका दिया। घर के आस-पास बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान पड़ा मिला। देखते ही देखते गांव में चर्चा फैल गई कि कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाई जा रही थी।
सूचना मिलते ही हरकत में आया आबकारी विभाग
https://x.com/i/status/2064552424757727421
ग्रामीणों ने तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही आबकारी अमला हरकत में आया और देर रात छापेमारी कर सेल्समैन सूरज टंडन सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री, खाली शीशियां और शराब तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
अब उठ रहे कई बड़े सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर इस पूरे मामले का पर्दाफाश नहीं किया होता तो यह कथित खेल आखिर कब तक चलता रहता? क्या सिर्फ सेल्समैन ही इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा था या इसके तार कहीं और भी जुड़े हुए हैं? आखिर शराब दुकान तक यह सामग्री कैसे पहुंच रही थी और किसकी निगरानी में यह सब चल रहा था? इन सभी सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे।




