छत्तीसगढ़छाल

हाटी में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम…

हाटी। छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत छाल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना हाटी चौक-कोरबा मुख्य मार्ग पर हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से हाटी निवासी संतोष दास (25) की मौके पर ही जान चली गई।


घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दुर्घटना के विरोध में सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों, विशेषकर फ्लाईऐश परिवहन में लगे ट्रकों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने आशंका जताई है कि किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना पर छाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर उठे सवाल


इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की गति नियंत्रण,यातायात सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास में जुटा हुआ है। पूरे क्षेत्र में युवक की असामयिक मौत को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!