खरसिया। नगर पालिका क्षेत्र के रायगढ़ चौक से लेकर गौरव पथ, कन्या विवाह भवन, बस स्टैंड तक सड़क पर धूल और मिट्टी का गुब्बार लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। ट्रैक्टरों के माध्यम से हो रही बेतरतीब मिट्टी डुलाई से न केवल आमजनजीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
बारिश के दिनों में यह स्थिति और भी विकराल हो जाती है। जहां सूखे में उड़ती धूल आंखों में चुभ रही है, वहीं बारिश होने पर कीचड़ और फिसलन का आलम है। स्थानीय मोहल्ले वासी तथा आम राहगीर दोनों ही परेशान हैं। दुर्घटना की आशंका हर वक्त बनी रहती है क्योंकि धूल के कारण वाहन चालकों को सामने से आती गाड़ियाँ तक नहीं दिख रही हैं।
लोगों की मांग – तुरंत हो कार्यवाही
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि न तो नगर पालिका के अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई संज्ञान लिया है। आमजन अब सवाल उठा रहे हैं कि क्या जनसुविधा और सुरक्षा से जुड़े विषयों को अनदेखा करना ही प्रशासन की नियति बन गई है?
जनहित में मांग:
- मिट्टी डुलाई पर तत्काल नियंत्रण
- नियमित रूप से सड़कों पर पानी का छिड़काव
- ट्रैक्टरों पर तिरपाल अनिवार्य किया जाए
- नगर पालिका द्वारा नियमित निगरानी दल गठित हो




