अमेरिका को पछाड़ 2028 तक सुपर पावर होगा चीन, भारत भी करेगा कमाल

कोरोना वायरस महामारी से ना सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ा है। लेकिन अब कुछ देशों की इकोनॉमी में सुधार के संकेत दिख रहे हैं। चीन की आर्थिक स्थिति भी पहले से बेहतर हुई है। अनुमान ये भी लगाया जा रहा है कि साल 2028 तक चीन की अर्थव्यवस्था अमेरिका को पछाड़कर दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी।

यह उस अनुमान से पांच साल पहले होने जा रहा है जो महामारी से पहले आर्थिक विश्लेषकों ने लगाया था। पहले माना जा रहा था कि चीन 2033 तक अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सुपरपावर बन जाएगा। लेकिन कोरोना महामारी ने अब हालात बदल दिए हैं। इस दौरान चीन तेजी से इस संकट से बाहर निकलने में कामयाब रहा है। जबकि अमेरिका सहित कई देश अब भी कोरोना संकट का सामना कर रहे हैं। इसके चलते अमेरिकी अर्थव्यवस्था को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

सेंटर फॉर इकोनॉमिक्स एंड बिजनस रिसर्च (CEBR) ने अपनी सालाना रिपोर्ट में दावा किया है कि चीन अनुमान से 5 साल पहले ही अमेरिका को पीछे छोड़कर अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में आगे निकल जाएगा। CEBR की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन के महामारी कुशल प्रबंधन सख्त शुरुआती लॉकडाउन और पश्चिम में दीर्घकालिक विकास के लिए हिट का मतलब है कि चीन की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ था। वहीं अमेरिका की इकोनॉमी के लंबे समय तक इससे प्रभावित रहने की आशंका है। साल 2030 तक भारत जापान की अर्थव्यवस्था से आगे निकल जाएगा। जापान 2030 के दशक की शुरुआत तक डॉलर टर्म में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा।


