दिल्लीदेश /विदेश

पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रमों के मद्देनजर प्रमुख क्षेत्रों के बारे में नवीनतम जानकारी…

एलपीजी नियंत्रण आदेश में संशोधन के अंतर्गत पीएनजी आपूर्ति वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन वापस जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है; इस निर्णय का उद्देश्य एलपीजी की उपलब्धता में सुधार करना है

उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने का परामर्श दिया गया है

नागरिकों को जहां भी संभव हो, पीएनजी का विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया गया है

जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए राज्यों में छापेमारी की जा रही है

22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने स्थिति की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं; अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की प्रक्रिया जारी है

फुजैरा टर्मिनल घटना के बाद भारतीय पोत जग लाडकी सुरक्षित रूप से भारत के लिए रवाना हो गया है

देश भर के बंदरगाह पोतों की आवाजाही और माल संचालन की निगरानी कर रहे हैं

पश्चिम एशिया में भारतीय मिशन 24×7 हेल्पलाइन संचालित करके भारतीय समुदाय की सहायता कर रहे हैं

दिल्ली।पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए घटनाक्रमों के मद्देनजर भारत सरकार की तैयारियों और राहत उपायों से संबंधित नवीनतम जानकारी नीचे दी गई है। ये उपाय ईंधन आपूर्ति प्रबंधन, समुद्री संचालन, क्षेत्र में भारतीय नागरिकों के कल्याण और सार्वजनिक संचार उपायों से संबंधित हैं।

ईंधन की आपूर्ति और उपलब्धता

पूरे देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की स्थिर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। नियमित आपूर्ति और वितरण बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वर्तमान स्थिति इस प्रकार है:

कच्चा तेल/ तेल शोधन कारखाने

सभी तेल शोधन कारखाने पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार बनाए हुए हैं। हमारा देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है और घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पेट्रोल और डीजल के आयात की आवश्यकता नहीं है।
खुदरा दुकानें

तेल विपणन कंपनियों द्वारा खुदरा दुकानों पर ईंधन की कमी का कोई मामला सामने नहीं आया है और पेट्रोल तथा डीजल की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है।
नागरिकों को परामर्श दिया गया है कि वे घबराकर खरीदारी न करें क्योंकि देश भर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
प्राकृतिक गैस

प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को संरक्षित गैस आपूर्ति मिलती रहती है, जिसमें पीएनजी और सीएनजी को 100 प्रतिशत आपूर्ति शामिल है, जबकि औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति लगभग 80 प्रतिशत पर विनियमित की जा रही है।
प्रमुख शहरों और शहरी क्षेत्रों में वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन का विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है और वे ईमेल, पत्र या सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों के ग्राहक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने 14 मार्च 2026 को पीएनजीआरबी और सीजीडी संस्थाओं के साथ पीएनजी कनेक्शन की स्थिति और एलपीजी को पीएनजी में परिवर्तित करने की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की।
रसोई गैस

मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एलपीजी आपूर्ति की निगरानी लगातार जारी है।
एलपीजी वितरकों में आपूर्ति बंद होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
एलपीजी की बुकिंग में गिरावट देखी गई है, कल लगभग 77 लाख बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि 13 मार्च 2026 को 88.8 लाख बुकिंग दर्ज की गई थीं ।
ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में 84 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 87 प्रतिशत की वृद्धि हुई है ।
बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप गैर-घरेलू एलपीजी के आवंटन के आदेश जारी किए हैं।
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों को प्राथमिकता के आधार पर वितरण के लिए राज्य सरकारों के पास रखा गया है और अब ये 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध हैं।
राज्य सरकारों द्वारा आयोजित बैठकें

राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहते हैं।
एलपीजी की आपूर्ति की समीक्षा करने, वितरण की निरंतरता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी और घबराहट में बुकिंग को रोकने के लिए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित की गई हैं।
22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने स्थिति पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं और कई राज्य नागरिकों को सूचित रखने के लिए संवाददाता सम्मेलन भी आयोजित कर रहे हैं।
प्रवर्तन कार्रवाई

राज्य सरकारें पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रवर्तन उपाय कर रही हैं।
एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आंध्र प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है।
सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियों के अधिकारी सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और अनियमितताओं को रोकने के लिए एलपीजी वितरक केंद्रों पर औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं।
अन्य सरकारी उपाय

सरकार का घरेलू उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देना जारी है और विशेष रूप से घरों और अस्पतालों तथा शैक्षणिक संस्थानों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन को अधिकतम किया गया है तथा आपूर्ति और मांग से संबंधित कई उपाय लागू किए गए हैं।
14 मार्च 2026 को जारी एलपीजी नियंत्रण आदेश में एक संशोधन के अनुसार, पीएनजी के उपभोक्ताओं को अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन वापस जमा करने होंगे और पीएनजी के उपभोक्ताओं के लिए नए एलपीजी कनेक्शन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल को 25 दिनों तक और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों तक तर्कसंगत बनाया गया है।
वैकल्पिक ईंधन की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 48,000 किलोलीटर केरोसिन का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।
एलपीजी की आपूर्ति पर दबाव कम करने के लिए आतिथ्य और रेस्तरां सहित कुछ क्षेत्रों में केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करने की अनुमति दे दी गई है।
सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियां डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा दे रही हैं, घबराहट में बुकिंग करने से हतोत्साहित कर रही हैं और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रविवार को भी एलपीजी वितरण केंद्र खुले रखे गए हैं।
सार्वजनिक परामर्श

नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे घबराएं नहीं क्योंकि सरकार घरों और आवश्यक क्षेत्रों के लिए पर्याप्त एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग आईवीआरएस कॉल, एसएमएस बुकिंग, व्हाट्सएप बुकिंग और तेल विपणन कंपनियों के मोबाइल एप्लिकेशन सहित कई डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से की जा सकती है।
उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे घबराहट में बुकिंग करने से बचें, डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और एलपीजी वितरकों के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
नागरिकों को जहां भी संभव हो, पीएनजी जैसे वैकल्पिक ईंधनों का विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियां निर्बाध एलपीजी आपूर्ति और हाल ही में घबराहट में की गई बुकिंग में आई कमी के बारे में जागरूकता फैलाना जारी है।
नागरिकों और मीडिया संगठनों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक सूचना स्रोतों पर भरोसा करें और अनावश्यक घबराहट से बचने के लिए सटीक जानकारी का प्रसार करने में सहायता करें।
समुद्री सुरक्षा और जहाजरानी संचालन

इस क्षेत्र में कार्यरत भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित उपाय किए गए हैं। सुचारू समुद्री संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जहाजरानी अधिकारियों और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

इस क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय नाविकों से जुड़ी कोई भी जहाज संबंधी घटना सामने नहीं आई है।
14 मार्च 2026 को, जब भारतीय ध्वज वाला जहाज जग लाडकी फुजैराह सिंगल पॉइंट मूरिंग पर कच्चा तेल लोड कर रहा था, उसी दौरान फुजैराह तेल टर्मिनल पर हमला हुआ। जहाज भारतीय समयानुसार आज सुबह लगभग 10:30 बजे 80,800 मीट्रिक टन मुरबान कच्चे तेल को लेकर फुजैराह से भारत के लिए सुरक्षित रवाना हो गया है। जहाज और उस पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी वाहक जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, जिनमें लगभग 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी भरी हुई है, जो 14 मार्च 2026 को होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके थे, वर्तमान में भारत की ओर अग्रसर हैं और क्रमशः 16 मार्च को मुंद्रा बंदरगाह और 17 मार्च को कांदला बंदरगाह पहुंचने वाले हैं।
वर्तमान में, फारस की खाड़ी क्षेत्र के पश्चिम में भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज और उन पर सवार 611 नाविक मौजूद हैं। पोत परिवहन महानिदेशालय, जहाज मालिकों, आरपीएसएल एजेंसियों और भारतीय दूतावासों के समन्वय से स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
पोत परिवहन महानिदेशालय नियंत्रण कक्ष के सक्रिय होने के बाद से, सूचना और सहायता की मांग करने वाले नाविकों, उनके परिवारों और समुद्री हितधारकों से 2,995 फोन कॉल और 5,357 से अधिक ईमेल प्राप्त हुए हैं।
पोत परिवहन महानिदेशालय ने अब तक खाड़ी क्षेत्र से 276 भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिसमें पिछले 24 घंटों में हवाई अड्डों और क्षेत्रीय स्थानों से 23 नाविकों की स्वदेश वापसी शामिल हैं।
देश भर के बंदरगाह समुद्री स्थिति में हो रहे बदलावों को देखते हुए जहाजों की आवाजाही और माल ढुलाई कार्यों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के साथ-साथ समुद्री व्यापार और बंदरगाह संचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए मंत्रालय का विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, पोत परिवहन कंपनियों और समुद्री हितधारकों के साथ समन्वय जारी है।
क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा

भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में हैं और जहां भी आवश्यकता हो, सहायता प्रदान कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए आवश्यक सलाह जारी की जा रही हैं।

विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न हो रही स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। इस क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, कल्याण और संरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए विदेश मंत्रालय का एक समर्पित नियंत्रण कक्ष कार्यरत है, साथ ही राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समन्वय भी बनाए रखा जा रहा है।
इस क्षेत्र में भारतीय दूतावास चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं, 24×7 हेल्पलाइन संचालित कर रहे हैं, भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं और नियमित रूप से सलाह जारी कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और फंसे हुए भारतीयों और अल्पकालिक आगंतुकों को वीजा सहायता, रसद सहायता और पारगमन सुविधा सहित कई प्रकार की सहायता प्रदान कर रहे हैं। दूतावास क्षेत्र में भारतीय नाविकों को भी सहायता प्रदान कर रहे हैं।
28 फरवरी 2026 से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 1,94,000 यात्री भारत लौट चुके हैं।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में, यूएई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार एयरलाइंस संशोधित और सीमित उड़ान कार्यक्रम संचालित कर रही हैं। अबू धाबी, दुबई, रस अल खैमाह, शारजाह और फुजैराह से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।
सऊदी अरब में विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं।
ओमान से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए भी उड़ानें संचालित हो रही हैं।
कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, कतर एयरवेज भारत के लिए सीमित उड़ानें संचालित कर रही है, जिसमें आज दिल्ली के लिए एक उड़ान भी शामिल है।
बहरीन, कुवैत और इराक में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए, जहां का हवाई क्षेत्र अभी बंद है, सऊदी अरब के रास्ते पारगमन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
इससे पहले की घटनाओं में, दुर्भाग्यवश चल रहे संघर्ष में पांच भारतीय नागरिकों की जान चली गई है और एक भारतीय नागरिक अभी लापता है। ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित भारतीय दूतावास लापता व्यक्ति के संबंध में और मृतक के पार्थिव शरीर को शीघ्र स्वदेश वापस लाने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।
सरकार संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रमुख क्षेत्रों में तैयारियों को सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!