देश /विदेश

शिरडी में ड्रेस कोड: साईं मंदिर प्रशासन के नोटिस से बढ़ा विवाद, तृप्ति देसाई ने दी चुनौती

महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईं बाबा मंदिर के प्रशासन ने एक नोटिस लगाकर भक्तों से अपील की है कि वे मंदिर में दर्शन के लिए छोटे कपड़ों को पहनकर ना आएं। वे भारतीय परिधानों में ही बाबा के दर्शन के लिए आएं। इस ड्रेस कोड को लेकर अब विवाद शुरू हो गया है। दरअसल, सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई ने मंदिर प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर 10 दिसंबर तक नोटिस नहीं हटाया जाता है, तो वो खुद ही इसे हटा देंगी।

एक निजी चैनल से बातचीत में तृप्ति देसाई ने कहा, साईं बाबा मंदिर के प्रशासन द्वारा नोटिस लगाना गलत है। अगर ये नियम लागू रहता है तो ऐसा देश के अन्य मंदिरों में भी हो सकता है। इसके बाद वहां पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था करनी पड़ेगी, जहां भारतीय परिधानों को किराए पर दिया जाएगा। इससे भक्तों के साथ लूट होने की संभावना है।

नोटिस में छोटे कपड़ों की कोई व्याख्या नहीं

देसाई ने कहा कि मंदिर प्रशासन की तरफ से जारी नोटिस में छोटे कपड़ों को लेकर कोई व्याख्या नहीं की गई है, क्योंकि अगर ऐसा है तो मंदिर के पुजारी भी अर्ध-नग्न वस्त्रों को धारण करते हैं, ऐसे में उन पर भी ये नियम लागू होता है। तृप्ति देसाई ने कहा, ‘मैं मंदिर प्रशासन को चुनौती देती हूं कि अगर नोटिस को बोर्ड से 10 दिसंबर तक नहीं हटाया गया तो मैं खुद जाकर हटा दूंगी।’

दरअसल, महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईं बाबा के भक्त उनके दर्शन के लिए दुनियाभर से यहां पहुंचते हैं, लेकिन अब शिरडी साईं मंदिर संस्थान ने दर्शन के लिए आने वाले सभी भक्तों से अपील की है कि वे भारतीय परिधान (कपड़े) पहनकर आएं।

संस्थान को मिल रही थी शिकायतें
जब इस बाबत साईं बाबा संस्थान से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से हमें यह शिकायत मिल रही थी कि कुछ महिला श्रद्धालु छोटे वस्त्रों को पहनकर बाबा के दर्शन के लिए आ रही हैं, यही वजह है कि यह निर्णय लिया गया है।

भारतीय परिधान पहनकर आएं
मंदिर ट्रस्ट ने सभी भक्तों से मंदिर परिसर में सिर्फ भारतीय परिधान पहनकर आने का अनुरोध किया है। मंदिर ट्रस्ट ने परिसर में इस संबंध में नोटिस भी लगाया है। ट्रस्ट के मुताबिक कई लोगों से शिकायत मिली कि कुछ महिला श्रद्धालु छोटे कपड़ों को पहनकर दर्शन करने आ रही हैं, इस कारण हमने यह कदम उठाया है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!