
रायगढ़। राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार 2020 हेतु 9 अक्टूबर 2020 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदक नियत तिथि तक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, मिनी स्टेडियम के सामने रायगढ़ में प्रस्तुत कर सकते है।
ज्ञात है कि वीरता पुरस्कार 2020 हेतु बालक/बालिका द्वारा अपनी जान की परवाह किये बिना दूसरे की जान बचाने हेतु वीरता का किया गया कार्य, उक्त घटना दिनांक को बालक/बालिका की आयु 18 वर्ष से अधिक न हो, शौर्य कार्य की अवधि 01 जुलाई 2019 से 30 सितम्बर 2020 के मध्य होनी चाहिये।
राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिये आवश्यक दस्तावेज करना होगा जमा
घटना की एफआईआर अथवा पुलिस डायरी, समाचार पत्रों की कतरने जो इस बाबत प्रकाशित हुआ हो, उक्त घटना क्रम का कम से कम 250 शब्दों में घटना का विस्तृत विवरण सत्यापित प्रति सहित, जन्म संंबंधी प्रमाण-पत्र एवं सभी आवश्यक दस्तावेज, 2 पासपोर्ट साइज के वर्तमान रंगीन फोटो ग्राफ्स सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित एवं 4 अतिरिक्त पासपोर्ट साइज की फोटो, घटना का विस्तृत विवरण प्रतिवेदन-सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित (प्राचार्य/प्रधान पाठक (जिस स्कूल में बालक अध्ययनरत हो, पुलिस या अन्य विभाग), नामांकन/आवेदन (3 प्रतियों में)निर्धारित पत्र संलग्न प्रारूप के अनुसार पूर्ण रूप से भरे हुये होना चाहिये)। इस संबंध में संपूर्ण जानकारी के लिये जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रायगढ़ के सूचना पटल एवं वेबसाईट www.iccw.co.in पर देखी जा सकती है।




