Uncategorised

भाजपा से नए लोगों को जोड़ने पार्टी चलाएगी अभियान-डॉ.रमन सिंह 

रायपुर। भाजपा अब नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाएगी। हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। भाजपा का एक मात्र एजेंडा हमेशा से विकास का रहा है। जहां तक कांग्रेस का सवाल है तो देश में कांग्रेस के पतन का कारण भाई, भतीजावाद, परिवारवाद है और उसके वजह से देश को गर्त में ले जाने का काम कांग्रेस ने किया। ये बातें आज दिल्ली से लौटने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कही।

डॉ. रमन ने कहा, विकास के मुद्दों पर ही काम होने चाहिए। यही वजह है कि विकासवाद को लेकर भाजपा चलती आ रही है। अब राष्ट्रीय संगठन ने फैसला किया है कि भाजपा से नए लोगों को जोड़ा जाएगा। नए लोगों में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पत्रकार हर वर्ग के लोगों को शामिल किया जाएगा। डॉ. रमन ने कहा, अलग से कोई छत्तीसगढ़ को लेकर बात नहीं हुई है। इस साल जिन राज्यों हिमाचल और गुजरात में चुनाव हैं, उन्हीं राज्यों से अलग से बात हुई है। हमारे प्रदेश संगठन को लेकर एक प्रतिवेदन हमारे संगठन महामंत्री पवन साय ने प्रस्तुत किया। इसमें मुख्य रूप से कार्यविस्तारक योजना के बारे में बताया गया। इसके अलावा आगे संगठन क्या-क्या करने वाला है, इसकी जानकारी भी प्रविवेदन में दी गई।

प्रदेश संगठन में बदलाव के सवाल पर डॉ. रमन ने कहा, अभी तो प्रदेशाध्यक्ष के कार्यकाल का लंबा समय बचा है। उन्होंने कहा, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलते हैं और उनका चुनाव होता है तो राज्यों के संगठन में भी बदलाव होता है। उन्होंने कहा, किसको इच्छा नहीं होती अध्यक्ष बनने की। सब अपने मन में इच्छा पाल के रखे हैं। कपड़े भी सिलवा लिए हैं। उन्होंने कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष आगे नई जवाबदारी और नए सिरे से काम करेंगे।

डॉ. रमन ने कहा, कांग्रेस हमेशा देश जलाने की बात करती है। इनका एजेंडा शुरू से यही रहा है। नरेंद्र मोदी लोगों को जोड़ने और गले लगाने पर भरोसा रखते हैं और राहुल गांधी जब-जब बोलते हैं देश में ऐसी परिस्थिति पैदा करना चाहते हैं जो सरकार और सरकार के विरोध में होती है। डॉ. रमन ने कहा, भूपेश बघेल नहीं जानते देश के सारे राज्यों में कांग्रेस की सरकार हुआ करती थी। आज से 10 साल पहले भी 13 राज्यों में थी। आज कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो गई है कि 2 राज्यों में सीमित हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नहीं बना पाए। कांग्रेस की सोच के कारण आज उनकी स्थिति ऐसी हो गई है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!