
खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत आदिवासी अंचल बरगढ़ खोला के ग्राम खम्हार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को बल मिलता है। सुदूर वनांचल क्षेत्र में इस तरह का भव्य आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए पुण्य का अवसर है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, देवेंद्र प्रताप सिंह, कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कथा वाचन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल व्यास श्री कृष्णा दुबे महाराज द्वारा संगीतमय शैली में किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
AD





