वीरभद्र की अस्थियां देख रो पड़े लोग, प्रदेश भर में पहुंचे अस्थि कलश, आज होंगे प्रवाहित

पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह की अस्थियों को शनिवार को प्रवाहित किया जाएगा। हरिद्वार में उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह उनकी अस्थियों को गंगा में पूरे विधि विधान के साथ प्रवाहित करेंगे, वहीं हिमाचल प्रदेश की प्रमुख नदियों में भी उनकी अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी। शुक्रवार को पूरे प्रदेश के 72 ब्लॉक में स्व. वीरभद्र सिंह के अस्थिकलश रखे गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनको श्रद्धांजलि दी। शिमला में इंदिरा गांधी खेल परिसर में अस्थि कलश रखा गया। पहले से यह योजना बनाई गई थी कि 17 जुलाई को अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। वहीं, शुक्रवार को कुल्लू के ढालपुर के प्रदर्शनी मैदान में अस्थि कलश को लोगों के दर्शनों के लिए रखा गया। उधर, शनिवार को चंद्रभागा संगम में राजा वीरभद्र की अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। लाहुल स्पीति के तांदी संगम में हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों के मंत्रों के उच्चारण और हवन यज्ञ के बाद राजा वीरभद्र सिंह की अस्थियां विसर्जित होंगी।
शुक्रवार को जैसे ही अस्थियां अटल टनल के पार सिस्सू गांव पहुंची तो गांव की महिलाएं अपने आंसू नहीं रोक पाई। सभी ने अपने लोकप्रिय नेता को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। चंबा, कांगड़ा, धर्मशाला, शाहपुर, बैजनाथ, ऊना, किन्नौर बिलासपुर, सिरमौर, सोलन के विभिन्न ब्लॉक में भी पूर्व मुख्यमंत्री को लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के तत्त्वावधान में जिला की विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा स्व. वीरभद्र सिंह का श्रद्धांजलि दी। वहीं, रोहडू में वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए ओल्ड बस स्टैंड रोहडू में आम जनता का तांता लगा रहा। वही रामपुर से मुख्य कलश जो हरिद्वार में गंगा में विसर्जित होना है। यहां अस्थि कलश ‘राजा साहब अमर रहे’ ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, राजा साहब का नाम रहेगा’ के नारों के साथ हरिद्वार के लिए लिए विदा हुआ। इस दौरान मौजूद लोग भावुक हो उठे।




