जेपी नड्डा पर हुए हमले पर अमित शाह बोले- बंगाल सरकार को इस हिंसा के लिए जनता को जवाब देना होगा

नेशनल डेस्क: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के काफिले पर हमले को निंदनीय करार देते हुए कहा है कि केंद्र सरकार इस हमले को गंभीरता से ले रही है।
शाह ने गुरूवार को ट्विट कर कहा, आज बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के ऊपर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है, उसकी जितनी भी निंदा की जाये वो कम है। केंद्र सरकार इस हमले को पूरी गंभीरता से ले रही है। बंगाल सरकार को इस प्रायोजित हिंसा के लिए प्रदेश की शांतिप्रिय जनता को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा, तृणमूल शासन में बंगाल अत्याचार, अराजकता और अंधकार के युग में जा चुका है। टीएमसी के राज में पश्चिम बंगाल के अंदर जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत कर चरम सीमा पर पहुंचाया गया है, वो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए दु:खद भी है और चिंताजनक भी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इसे बेहद गंभीर घटना बताते हुए इसकी जांच कराये जाने की मांग की है। सिंह ने कहा, पश्चिम बंगाल के प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद मैंने उनसे फोन पर बात करके उनके कुशल क्षेम की जानकारी प्राप्त की है। यह घटना पश्चिम बंगाल राज्य की गिरती कानून व्यवस्था का परिचायक है। लोकतंत्र में राजनीतिक नेताओं को इस तरह से निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर हुए हमले की गम्भीरता को देखते हुए इसकी पूरी जांच की जानी चाहिए और इस घटना की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।




