विधायक,कलेक्टर ने फीता काटकर किया कोसीर उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ

57 हजार लोगों को मिलेगी कोसीर उप तहसील से सुविधा
12 पंचायतों के राजस्व से जुड़े कार्य अब होंगे उप तहसील कार्यालय से
कोसीर से लगे 12 ग्राम पंचायतों के करीब 57 हजार आबादी को उप तहसील से सुविधा मिलेगी।

इस मौके पर जांगड़े ने कहा कि उप तहसील की मांग क्षेत्र के ग्रामीणों की बहुत पहले से थी, जो आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घोषणा अनुसार पूरी हुई। कलेक्टर भीम सिंह के मार्गदर्शन पर कार्यालय को प्रारंभ करने अधिकारी-कर्मचारी की पदस्थापना तथा अन्य संसाधनों की व्यवस्था का कार्य किया गया।

इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सारंगढ़ तहसील नहीं जाना पड़ेगा। इसी तरह स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र के लिए सारंगढ़ जाना पड़ता था, जो दूर होने के साथ संसाधन के अभाव में महंगा भी था। इसलिए क्षेत्र के लोगों ने कोसीर को उप तहसील बनाने की मांग की थी, जिसे प्रमुखता से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के समक्ष रखा गया था। मुख्यमंत्री श्री बघेल के घोषणा उपरांत आज उप तहसील अपने कार्य स्वरूप में शुरू हो गया है। यह क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव की बात है।

कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि उप तहसील की घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 24 जनवरी के रायगढ़ में हुए कार्यक्रम के दौरान की गई थी। इसके बाद से उप तहसील शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई थी। नायब तहसीलदार सहित अन्य कर्मचारियों की पदस्थापना की गई। इसके बाद आज से विधिवत यहां उप तहसील कार्यालय शुरू हो गया है। कोसीर उप तहसील कार्यालय से इससे लगे 12 ग्राम पंचायतों के राजस्व व भूमि संंबंधी मामले, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित तहसील कार्यालय से जो भी कार्य किया जाता है वह सभी कार्य यहां से संचालित होंगे। कोसीर उप तहसील कार्यालय से क्षेत्र के करीब 57000 लोगों को सुविधा मिलेगी और उन्हें तहसील कार्यों के लिए सारंगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।

इससे पूर्व विधिवत फीता काटकर और मां सरस्वती के पूजा अर्चना दीप प्रज्वलित कर उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ जांगड़े, कलेक्टर भीम सिंह एवं श्रीमती मनहर ने किया। इस दौरान उन्होंने उप तहसील भवन का निरीक्षण किया। कार्यालय में फर्नीचर आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की गई, जिसे जल्दी पूर्ण करने की बात कही गयी।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, सारंगढ़ जनपद उपाध्यक्ष गणपत जांगड़े, एसडीएम नंद कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




