छत्तीसगढ़

गोठानों में संचालित व्यवसायिक गतिविधियों के आय-व्यय का ब्यौरा संधारित किया जाय- कलेक्टर भीम सिंह

कलेक्टर की अध्यक्षता में टी एल (समय-सीमा) की बैठक संपन्न

रायगढ़ ।  कलेक्टर भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में टी एल (समय-सीमा) की बैठक लेकर जिला स्तरीय विभागों के साप्ताहिक कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सर्वप्रथम गोधन न्याय योजना के तहत जिले के गोठानों में क्रय किये गये गोबर का निर्धारित तरीके से रख रखाव और वर्मी कंपोस्ट तैयार किये जाने और एप के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों और जरूरतमंद किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप वर्मी खाद बिक्री करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सिंह ने सभी जनपद सी.ई.ओ. को निर्देशित किया कि 31 अक्टूबर तक क्रय किये गये गोवर को वर्मी कंपोष्ट पिट में डालने का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम पंचायतों में गोठान और चारागाह का निर्माण किया जाना है इसलिये जिन स्थानों पर दूसरे या तीसरे चरण में गोठान स्वीकृत हुये है उनमें भी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर गोबर खरीदी प्रारंभ किया जाय और गोबर खरीदी की मात्रा, व्यय राशि और वर्मी खाद बिक्री की मात्रा और बिक्री से प्राप्त होने वाली राशि का पंजी संधारण सही ढंग से किया जाय ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे। कलेक्टर सिंह ने गोठानों में संचालित अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के आय-व्यय का ब्यौरा संधारित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने पंचायत एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को गोठानों में पशुओं का अधिकाधिक संख्या में आना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।


बैठक में अधिकारियों ने कलेक्टर सिंह को जानकारी दी कि जिले में 581 क्विंटल वर्मी खाद की बिक्री की गयी है। वर्मी खाद क्रय करने में वन विभाग, कृषि विभाग, रेशम विभाग एवं हार्टिकल्चर विभाग प्रमुख है और जिले के किसानों में भी वर्मी खाद के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
कलेक्टर सिंह ने कहा जिले में धान खरीदी के मामले में कोई अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी उन्होंने सभी एस डी एम और राजस्व अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्रों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिये। धान खरीदी के दौरान वारदानें की उपलब्धता बनी रहे इसके लिये फूड, सहकारिता, मार्कफेड के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करावे।

उद्यानिकी विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में बाड़ी विकसित करने का 2019-2020 का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया गया है और वर्ष 2020-2021 के निर्धारित लक्ष्य 3900 के विरूद्ध अबतक 2000 से अधिक बाड़ी का कार्य पूरा कर लिया गया है। कलेक्टर सिंह ने बाड़ी में लगाई जाने वाली सब्जी तथा फलों का उचित ढंग से मार्केटिंग और बिक्री क रने को कहा जिससे उत्पादन करनें वाले स्व सहायता समूहों को आर्थिक लाभ होगा।

उन्होंने जिले के सभी एस डी एम के निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल परिसरों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा अस्पताल परिसरों के शासकीय जमीनों से अतिक्रमण तत्काल हटावें। कलेक्टर सिंह ने लीड बैक (एसबीआई) प्रबंधक से किसान क्रेडिट कार्ड हेतु विभिन्न बैंकों में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और अपेक्स बैंक तथा ग्रामीण बैंक द्वारा किसानों के क्रेडिट कार्ड बनाये जानें में रूचि नहीं लिये जाने के कारण संबंधित बैंक के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहर के स्वच्छता अभियान की निगरानी करने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों की वार्ड वार ड्यूटी लगाई गई है अत: वे अधिकारी अपने-अपने वार्डो़ का निरंतर निरीक्षण करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि उन स्थानों से कचरा हटाने का कार्य कराया जा सकेगा।

कलेक्टर सिंह ने जिले के जिन गांवों में कोरोना के कोई मरीज नहीं मिले है वहॉं के जन प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों को समझाइश देकर आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने के निर्देश दिये। उन्होंने सुपोषण अभियान के तहत बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन टिफिन में उनके घरों तक पहुंचाने के निर्देश दिये। कलेक्टर सिंह ने मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में डाक्टर्स और एम्बुलेंश की उपलब्धता सुनिश्चित करनें तथा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराये जाने के लिये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया।

समय-सीमा की बैठक के दौरान एडीएम राजेन्द्र कटारा, सीईओ जिला पंचायत सु ऋचा प्रकाश चौधरी, सहायक कलेक्टर चन्द्रकान्त वर्मा, अपर कलेक्टर कुरूवंशी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वनमंडलाधिकारी धरमयजयगढ़ एस मणि वासन एसडीएम धरमजयगढ़ संवित मिश्रा सहित सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ वीडियो कान्फे्रसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!