देश /विदेश

भारतीय वायुसेना का 88वां स्थापना दिवस आज, राष्ट्रपति-PM समेत इन नेताओं ने वीर योद्धाओं को दी बधाई

देश में हर साल 8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना दिवस मनाया जाता है। ऐसे में आज भारतीय वायुसेना अपना 88 वां स्थापना दिवस मना रही है। वायुसेना दिवस के मौके पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर योद्धाओं को बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, ‘वायुसेना दिवस पर हम गर्व से अपने वायु योद्धाओं, सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके परिजनों को नमन करते हैं। राष्ट्र आसमान को सुरक्षित बनाने, मानवीय सहायता और आपदा राहत में नागरिक प्रशासन की मदद करने में भारतीय वायुसेना के योगदान के लिए ऋणी रहेगा।’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘राफेल, अपाचे और चिनूक भारतीय वायुसेना को और भी अधिक शक्तिशाली सामरिक बल में परिवर्तित करेंगे। उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भारतीय वायु सेना प्रतिबद्धता और क्षमता के अपने उच्च मानकों को बनाए रखेगी।’

इस मौके पर पीएम मोदी ने देश के ‘वीर योद्धाओं’ को सलाम किया और कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका साहस, शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है। उन्होंने कहा कि वायुसेना के जांबाज ना सिर्फ दुश्मनों से भारतीय आसमान की रक्षा करते हैं बल्कि आपदा की स्थिति में मानवता की सेवा में भी बढ़ चढ़ कर अपनी भूमिका का निर्वाह करते हैं।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘एयर फोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बहुत-बहुत बधाई। आप न सिर्फ देश के आसमान को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि आपदा के समय मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। मां भारती की रक्षा के लिए आपका साहस, शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।’

वही, गृह मंत्री अमित शाह ने वायुसेना दिवस की बधाई देते हुए कहा, ‘भारतीय वायुसेना दिवस पर बधाई। हमारे आकाश की रक्षा करने से लेकर सभी बाधाओं में सहायता करने के लिए, हमारे बहादुर वायुसेना के जवानों ने अत्यंत साहस और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा की है। मोदी सरकार हमारे पराक्रमी वायु योद्धाओं को आसमान में बुलंद रखने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।’

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना दिवस पर कहा, ‘वायुसेना दिवस-2020 के अवसर पर वायु योद्धाओं और उनके परिवारों को मेरी शुभकामनाएं। अस्सी सालों के समर्पण, त्याग और उत्कृष्टता ने भारतीय वायुसेना की यात्रा को चिह्नित किया है जो आज एक घातक और दुर्जेय बल है। राष्ट्र को नीली जर्सी वाले अपने पुरुषों और महिलाओं पर गर्व है और भारतीय वायुसेना की प्रगति को सलाम करता है क्योंकि यह चुनौतियों का सामना करने और प्रतिकूल परिस्थितियों के लिए हमेशा तैयार रहता है। हम आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण के माध्यम से भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!