छत्तीसगढ़

महाशिवरात्रि के बाद कांग्रेस जारी कर सकती है प्रत्याशियों की पहली लिस्ट,संभावित सूची में भूपेश,सिंहदेव,चौबे,ताम्रध्वज के नाम

प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अब कांग्रेस की सूची का इंतजार है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद चुनिंदा उम्मीदवारों के नाम भेज दिए हैं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अब कांग्रेस की सूची का इंतजार है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद चुनिंदा उम्मीदवारों के नाम भेज दिए हैं। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत सहित पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री, किसान नेता, पार्षद, प्रोफेशनल कांग्रेस के नेता, महिला प्रत्याशी व कई नए चेहरों के नाम शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को कुल 150 उम्मीदवारों के नाम प्राप्त हुए थे, जिसके बाद सूची में तीन से चार बार शार्ट लिस्टिंग की गई। भाजपा की सूची ने कांग्रेस को एक बार फिर सोचने को विवश कर दिया है। लोकसभा सीटों पर समीकरण भी बदलते नजर आ रहे हैं। भाजपा के 11 प्रत्याशियों की सूची में सात नए चेहरे हैं। बस्तर व कोरबा की जीती हुई सीट में प्रत्याशी दोहराए जा सकते हैं, वहीं बाकी सीटों पर कांग्रेस की ओर से चौंकाने वाले नाम आ सकते हैं।

भाजपा की सूची के बाद कांग्रेस की सूची पर होगी दोबारा चर्चा

भाजपा प्रत्याशियों के नाम के बाद कांग्रेस दोबारा प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा करने जा रही है। चार मार्च को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें भाजपा प्रत्याशियों के सामने कांग्रेस से कौन मजबूत प्रत्याशी हो सकते हैं इस पर मंथन किया जाएगा। जातिगत समीकरण पर भी बैठक में चर्चा होगी। चर्चा यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। कांग्रेस की संभावित सूची में चार पूर्व मंत्री भी शामिल हैं।

स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आज

नईदिल्ली में चार मार्च को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इससे पहले 27 जनवरी को छत्तीसगढ़ के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक राजधानी में आयोजित की गई थी, जिसमें कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में 11 सीटों में छह सीटों पर नाम तय कर लिए गए हैं। रायपुर सहित अन्य पांच सीटों पर दो से तीन नामों का पैनल रखा गया है। माना जा रहा था कि फरवरी अंत तक प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे पर ऐसा नहीं हो पाया। प्रत्याशियों की घोषणा में भाजपा ने बाजी मारते हुए एक मार्च को सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए। पहले प्रत्याशी घोषित करके भाजपा ने कांग्रेस को चिंता में डाल दिया है।

लोकसभावार इनके नामों की चर्चा

बस्तर- दीपक बैज, लखेश्वर बघेल।

राजनांदगांव- भूपेश बघेल, महेश चंद्रवंशी, ममता चंद्राकर, छन्नी साहू, भोलाराम साहू।

रायपुर- डा. राकेश गुप्ता, सुशील आनंद शुक्ला, ,डिगेश्वरी वर्मा, चोवाराम वर्मा, रविंद्र चौबे।

कांकेर- वीरेश ठाकुर, नरेश ठाकुर, शिशुपाल सिंह, फूलोदेवी नेताम, अनिला भेंड़िया।

महासमुंद- धनेन्द्र साहू, ताम्रध्वज साहू, राजेश तिवारी, गुरमुख सिंह होरा, देवेंद्र बहादुर सिंह, उमेश साहू।

दुर्ग- राजेन्द्र साहू, प्रतिमा चंद्राकर, ताम्रध्वज साहू,नीता लोधी

कोरबा- ज्योत्सना महंत,चरणदास महंत,जयसिंह अग्रवाल

सरगुजा- शशि सिंह, अमरजीत भगत, प्रेमसाय सिंह टेकाम

रायगढ़- रामनाथ सिदार,श्रवण सिदार, लालजीत सिंह राठिया,रानी जयमाला सिंह, अमरजीत भगत।

जांजगीर-चांपा-डा मेनका, जयमाला सिंह, पीआर खूटे, शिव डहरिया, रमेश पैगवार, राइसकिंग खुटे, डा. शिव कुमार डहरिया।

बिलासपुर- टीएस सिंहदेव, संतोष कौशिक, शैलेश पांडे, रामचरण यादव, रामशरण यादव, राजेंद्र शुक्ला।

रायपुर में मामला अटका

रायपुर सीट से भाजपा ने उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। आठ बार के विधायक को सांसद टिकट देने की घोषणा के बाद से ही रायपुर में कांग्रेस की चिंता बढ़ गई है। बृजमोहन के सामने किसे चुनाव लड़ाया जाए इस पर पार्टी मंथन कर रही है। पार्टी यहां किसी पूर्व विधायक को अवसर दे सकती है। भाजपा ने तीन महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया है। इसे देखते हुए कहा जा रहा है कि कांग्रेस भी तीन से चार सीटों पर महिला प्रत्याशी को मौका दे सकती है।

चार मार्च की बैठक के बाद रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दी जाएगी। इसके तीन-चार दिन बाद सूची जारी कर दिए जाने की संभावना है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!