
खरसिया। चपले (राबर्टसन)की पावन धरा पर 27 मई से 03 जून 2026 तक श्री हनुमंत कथा रसामृत का दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मातृशक्ति, श्रद्धालुजन, ग्रामवासी और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कलश यात्रा के पश्चात कथा पंडाल में श्रीधाम अयोध्या से पधारीं साध्वी राधा किशोरी जी के श्रीमुख से श्री हनुमंत कथा रसामृत का रसास्वादन कराया जा रहा है। अपने 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुका यह आयोजन अब केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, संस्कृति, संस्कार और सामूहिक श्रद्धा का जीवंत प्रतीक बन चुका है।

साध्वी राधा किशोरी जी ने कथा के माध्यम से भगवान श्रीसीताराम के अनन्य भक्त श्री हनुमंत जी की भक्ति, सेवा, समर्पण और अदम्य शक्ति का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हनुमंत जी का चरित्र मनुष्य को अहंकार से दूर रहकर कर्तव्य, निष्ठा, संयम और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
https://www.youtube.com/live/xj7C89PnYzs?si=vBQYS1oWBKDJqXwc
चपले (राबर्टसन)कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जय सीताराम और जय हनुमान के उद्घोषों से चपले की पावन धरा गुंजायमान रही। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

स्थानीय जनों के अनुसार, चपले ग्रामवासी, क्षेत्रवासी और श्रीवास परिवार द्वारा लगातार 15 वर्षों से आयोजित यह कथा नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गई है।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे श्री हनुमंत कथा रसामृत के इस भक्तिमय अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का पुण्य लाभ लें और अपने परिजनों व पड़ोसियों को भी साथ लेकर आएं।




