छत्तीसगढ़रायगढ़

कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान की करें तैयारी – कलेक्टर भीम सिंह

2 से 12 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 5 अक्टूबर से होगा डोर टू डोर सर्वे
कलेक्टर सिंह ने ली समय-सीमा की बैठक

रायगढ़ । कलेक्टर  भीम सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने कोरोना संक्रमण की चेन रोकने के लिए 02 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलने वाले कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। जिसमें 5 अक्टूबर से डोर टू डोर सामुदायिक सर्वे किया जायेगा। कलेक्टर सिंह ने इसके लिये माइक्रो प्लान तैयार कर संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा शासन के निर्देश अनुसार उन्हें प्रशिक्षण देने व अभियान के संचालन हेतु आवश्यक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 50 ऑक्सीजन बेड आज तैयार हो जाएगा, जिसके लिए अतिरिक्त मैन पावर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गोबर खरीदी व खाद निर्माण की समीक्षा
गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन के संबंध में प्रत्येक गौठान में खरीदे हुए गोबर तथा तैयार किए जाने वाले खाद की विकासखंड वार जानकारी तैयार करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए। उन्होंने खरीदे गए गोबर को निर्धारित समय में वर्मी पिट में डाल कर उससे खाद तैयार कर विक्रय करने के निर्देश दिए। सभी पशुपालकों का ऐप के माध्यम से पंजीयन करने के लिए कहा। उन्होंने प्रत्येक गौठानों के चारागाहों में नेपियर घास व अन्य किस्मों के चारा के प्लांटेशन की जानकारी ली तथा जिन चारागाहों में प्लांटेशन शेष है उसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौधन न्याय योजना के अगले भुगतान हेतु आवश्यक सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के लिए कहा।

बैंकिंग व टेलीकॉम सेवाओं की पहुंच के लिये होगी मैपिंग
लीड बैंक मैनेजर को कितने ग्रामों तक बैंक की पहुंच नहीं है, यह जानकारी प्रस्तुत करने के लिये कहा तथा उक्त ग्रामों में बैंक सखी के माध्यम से बैकिंग सेवाओं की पहुंच बनाने के लिये आवश्यक व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार ईडीएम चिप्स को निर्देशित किया कि जिले में टेलीकॉम उपलब्धता की मैपिंग कर जिले के कौन-कौन से क्षेत्र अभी भी नेटवर्क विहीन है, यह जानकारी तैयार करें ताकि उन क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार की दिशा में कार्य किया जा सके।

मनरेगा के तहत कामों की बढ़ेगी गति
कलेक्टर सिंह ने मनरेगा के तहत बनाए गए जॉब कार्ड की जानकारी ली। सभी सीईओ जनपदों को निर्देशित किया कि बारिश खत्म होने के पश्चात मिट्टी का कार्य शुरू किया जा सकता है अत: उसका मस्टर रोल बनवा कर काम शुरू करवाये। जिन सहकारी समितियों में समतलीकरण का कार्य किया जाना है उसे प्राथमिकता से करवाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि प्रवासी श्रमिकों को भी मनरेगा के तहत काम मिले यह सुनिश्चित करें। सामुदायिक बाड़ी हेतु जिन विकासखण्डों में भूमि का चिन्हांकन शेष है उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

गिरदावरी की ली जानकारी
कलेक्टर सिंह ने गिरदावरी कार्य के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विकासखण्डवार आ रहे दावा-आपत्तियों की जानकारी ली तथा उसके सामयिक निराकरण के निर्देश दिये। कलेक्टर सिंह ने महानदी के तट विस्तार के कारण बढ़े डूबान क्षेत्र का सर्वे राजस्व व सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शिक्षा व महिला बाल विकास विभाग की हुई समीक्षा
रायगढ़ शहर में बन रहे अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हेतु फर्नीचर, लैब व लाइब्रेरी के लिए आवश्यक खरीदी का स्टीमेट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन व ऑफलाइन शिक्षा ले रहे विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिन बच्चों के अटेंडेंस कम है उनके पालकों के काउंसलिंग करने की तैयारी है, जिससे बच्चों को नियमित रूप से कक्षा से जोड़ा जा सके। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग अधिकारी को सुपोषण अभियान के तहत राशि जारी करने के लिए निर्देशित किया। जिन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है उसका हैंड ओवर लेने के निर्देश दिए।

शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की समीक्षा के दौरान नगर निगम क्षेत्र में योजना के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बारदाने जमा करने का कार्य समय से पूर्ण करने के लिये खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री जनचौपाल के गैर निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुये उन्होंने काफी समय से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मानधन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
इस दौरान एडीएम राजेन्द्र कटारा, सीईओ जिला पंचायत सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, डीएफओ रायगढ़ मनोज पाण्डेय, अपर कलेक्टर आर.ए.कुरूवंशी तथा विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अन्य सभी एसडीएम, सीईओ जनपद व विभागीय अधिकारी वीडियो कान्फ्रेसिंग से जुड़े।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!