
खरसिया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत खरसिया थाना पुलिस ने ग्राम चारपारा में बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए एक महिला को 20 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
प्रशिक्षु भा.पु.से. अधिकारी एवं थाना प्रभारी हर्षित मेहर के नेतृत्व में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम चारपारा की एक महिला द्वारा अपने घर में अवैध रूप से शराब संग्रहित कर बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला के घर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान आरोपीता भारती लहरे, पति चन्द्रशेखर लहरे (उम्र 38 वर्ष), अपने घर में मौजूद मिली। तलाशी के दौरान दो पीले रंग के जरीकेन (प्रत्येक 5 लीटर) और दो पन्नियों में भरकर रखी गई कुल 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर विधिसंगत कार्यवाही की है।
इनकी रही भूमिका
इस कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत,महिला प्रधान आरक्षक सरोजनी राठौर,आरक्षक सत्यानारायण सिदार एवं हेमलाल सिदार की विशेष भूमिका रही।
गौरतलब है कि खरसिया आबकारी वृत में जहां आबकारी विभाग इस दिशा में निष्क्रिय नजर आ रहा है,वहीं खरसिया पुलिस लगातार सक्रियता दिखाते हुए अवैध शराब पर शिकंजा कस रही है।
खरसिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।




