
रायगढ़। रायगढ़ में पहली बार कोई सुपरस्टार फिल्म की शूटिंग करेगा। पिछले दिनों रुस्तम फिल्म के निर्देशक टीनू देसाई ने कई लोकेशनों का जायजा लिया था। अब जानकारी मिली है कि अक्षय कुमार की यह फिल्म कलेक्टर बंगले समेत शहर के कई जगहों पर शूट की जाएगी। अक्टूबर में अक्षय रायगढ़ पहुंचेंगे। मुंबई फिल्म उद्योग को छत्तीसगढ़ में शूटिंग करने के लिए आमंत्रित करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। रायगढ़ और कोरबा को इसके लिए चुना गया है। पिछले दिनों मुंबई से डायरेक्टर टीनू सुरेश देसाई और सिनेमेटोग्राफर असीम मिश्रा की टीम रायगढ़ में थी। उन्होंने तमनार की कोयला खदानों समेत शहर के कई लोकेशनों को करीब से देखा और शूटिंग की संभावनाएं तलाशीं। उन्हें कई लोकेशन एक ही बार में पसंद आ गई हैं।
जेएसपीएल का वर्कशॉप भी दिखेगा
फिल्म के ज्यादातर सामान्य दृश्य रायगढ़ में ही शूट होंगे। मजदूरों को बचाने के लिए जसवंत सिंह गिल ने एक कैप्सूल के आकार का ढांचा तैयार किया था। इसे तैयार करने का दृश्य जेएसपीएल के वर्कशॉप में फिल्माया जाएगा। कहानी का प्लॉट 1989 का है इसलिए पहनावा और सेट भी उसी दौर का होगा। रायगढ़ में अभी से अक्षय कुमार के आने की खबर ने हलचल मचा दी है। लोग अपने चहेते को देखने और मिलने के लिए आतुर हैं।




