देश /विदेश

गैरजिम्मेदार ‘गणमान्य’: मुंबई के पब में कोरोना नियमों की उड़ाई धज्जियां, सुरेश रैना समेत 34 पर एफआईआर

देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर एक करोड़ से ऊपर पहुंच चुकी है। केंद्र और राज्य सरकारें लोगों से मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने की लगातार अपीलें कर रही हैं, लेकिन ऐसे ‘गणमान्यों’ की कमी नहीं है जो इन नियमों के उल्लंघन में शान समझते हैं। बीती रात मुंबई पुलिस ने 34 ऐसे ही गणमान्य लोगों को पकड़ा है, जो इन नियमों की जमकर धज्जियां उड़ा रहे थे। इनमें भारतीय क्रिकेटर सुरैश रैना भी शामिल हैं।

महाराष्ट्र के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार तड़के मुंबई हवाई अड्डे के पास एक क्लब पर छापा मारा और यहां से 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। राज्य सरकार द्वारा ब्रिटेन में फैले कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर जारी चिंताओं के बीच सोमवार को नगर निगम क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू घोषित किए जाने के बाद पुलिस की यह कार्रवाई हुई।

एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने लगभग रात के दो बजे हवाई अड्डे के पास सहार इलाके में स्थित इस क्लब पर छापा मारा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने क्लब में मौजूद 27 ग्राहकों और सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं और धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश देने के लिए अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि पांच सितारा होटल में स्थित इस क्लब में कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा था। किसी ने मास्क नहीं लगाया था और न ही शारीरिक दूरी के नियम का पालन हो रहा था। पुलिस सूत्रों की मानें तो पार्टी में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल थीं। फिलहाल किसी के नाम का खुलासा नहीं हुआ है। क्लब संचालक पर भी कार्रवाई की गई है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!