ख़बरें जरा हटकरछत्तीसगढ़रायपुरविविध खबरें
डीजीपी डीएम अवस्थी की खरी-खरी

आप समझते हो तंबू लगाकार जुआ चल रहा है और डीएम अवस्थी को नहीं मालूम चलेगा तो अभी बच्चे हो आप…कुछ इस तरह से पुलिस अधीक्षकों को डीजीपी का फटकार
उन्होंने अपना उदहारण देकर कहा कि सब को मालूम है मैं ये सब लंद-फंद करता नहीं इसलिए कभी सिर नहीं झुकाना नहीं पड़ा। आप लोग अच्छे घरों से आते हैं,अच्छी पढ़ाई किये हुए होते हैं,मैं ये नहीं कह रहा कि सारे एसपी भ्रष्ट हो गए हैं। मैं ये कहा रहा हूँ कि एसपी अनदेखा क्यों कर रहे हैं,टीआई की बदमाशी को…?
रायपुर– प्रदेश में बेतहाशा जुआ और सट्टे का कारोबार चल रहा है और इस पर जिले के पुलिस अधीक्षक मौन है । यह हम नहीं कह रहे हैं बल्कि प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी डीएम अवस्थी कह रहे हैं।
दरअसल डीजीपी अवस्थी ने मंगलवार को सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चअली प्रदेश में हुए अपराधिक प्रकरणों की समीक्षा कर रहे थे । इस दौरान अवस्थी ने तल्ख़ अंदाज में सभी जिले के एसपी को दो टूक कहा – आप समझते हो तंबू लगाकार जुआ चल रहा है और डीएम अवस्थी को नहीं मालूम चलेगा तो अभी बच्चे हो आप …उन्होंने अपना उदहारण देकर कहा कि सब को मालूम है मैं ये सब लंद-फंद करता नहीं इसलिए कभी सिर नहीं झुकाना पड़ा। आप लोग अच्छे घरों से आते हैं, अच्छी पढ़ाई किये हुए होते हैं, मैं ये नहीं कह रहा कि सारे एसपी भ्रष्ट हो गए हैं। मैं ये कहा रहा हूँ कि एसपी अनदेखा क्यों कर रहे हैं, टीआई लोगों की बदमाशी को … कैसे नहीं बालोद एसपी को समझ आता है ? कैसे नहीं प्रफुल्ल को समझ आता है …एक महीने में कार्यवाही नहीं होती है तो अगले महीने से क्राइम नम्बर सहित मुझे दें ।
डीजीपी ने आगे रायगढ़ एसपी से कहा –जहां आप बैठे हैं मैं भी वहां 1993 में एसपी था, बोर्ड में लिखा होगा। वहां पूछिएगा पब्लिक आएगी तो काम कैसा था…अभी तक लोग याद रखते हैं।
डीजीपी की समीक्षा बैठक को लेकर जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है पुलिस अधीक्षकों को जुआ ,सट्टा ,अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध ऑपरेशन क्लीन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रकार के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा पाये जाने पर संबंधित जिले के एसपी जिम्मेदार होंगे साथ ही समन्धित क्षेत्र के पुलिस अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। अवस्थी ने सभी पुलिस अधिकारियों से कहा कि ‘थोड़े कहे को ज्यादा समझिए’।
उन्होंने कहा कि महिला विरूद्ध अपराधों पर तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए। महिला एवं बाल विरुद्ध अपराधों के लिए बनाई गई सेल शीघ्रता से कार्रवाई करें। जिससे महिला विरुद्ध अपराधों को रोका जा सके। शहर के ऐसे इलाके जो सुनसान हो एवं जहां छेड़खानी की घटनाएं अधिक होती हों वहां पर महिला पुलिस अधिकारियों की ड्यूटि लगायें।अपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वयं ऐसे पुलिसकर्मियों की ड्यूटि लगायें जिनका सूचना तंत्र मजबूत हो।
डीजीपी ने चिट फण्ड प्रकरणों में शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिये। चिटफंड कम्पनी के संचालकों के विरुद्ध सख्त कारवाई के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सायबर अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करें। पुराने प्रकरणों को शीघ्रता से जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। अवस्थी ने विभागीय जांचों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।




