
खरसिया। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार पर कार्यवाही करते हुए खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम टेमटेमा स्थित स्काई पावर प्लांट के पास संदिग्ध हालत में खड़े दो वाहनों से कबाड़ जब्त कर वैधानिक कार्यवाही की है। घटना के बाद क्षेत्र में बीट स्तर की निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी की शाम थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े को मुखबिर से सूचना मिली कि स्काई पावर प्लांट के गेट के बाहर तीन वाहनों में कबाड़ लोड कर संदिग्ध स्थिति में खड़ा किया गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 13 N 7028 के चालक कुंभकरण सिदार द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों को वैध पाया,जिसके बाद उसे जाने दिया गया।
वहीं अन्य दो वाहनों—ट्रक क्रमांक OR 06 H 7626 और माजदा वाहन क्रमांक CG 13 AZ 0819—में भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला, लेकिन मौके पर कोई चालक या संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं था। वाहनों में लदे कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहन स्वामी और संपत्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्यवाही की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी और उससे जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार कार्यवाही की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हुई है कि औद्योगिक क्षेत्र के आस-पास अवैध कबाड़ की गतिविधियां लंबे समय से संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में बीट स्तर की निगरानी व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में किसी संभावित कार्यवाही पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जब्त वाहनों तथा कबाड़ के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।




