छत्तीसगढ़रायगढ़

रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाही,12 वाहन जब्त…

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर रायगढ़ जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आज एक व्यापक कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों और जनसूचनाओं के आधार पर विभाग ने 05 नवम्बर की सुबह 8 बजे से विशेष जांच अभियान की शुरुआत की, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध रेत परिवहन में लिप्त वाहनों को पकड़ा गया।

कार्यवाही के दौरान लेबड़ा (तहसील रायगढ़) क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 10 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। इनमें से 06 ट्रैक्टरों को थाना भूपदेवपुर तथा 04 ट्रैक्टरों को कलेक्टर कार्यालय परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है। इसी तरह, अमलीभौना क्षेत्र में भी रेत से भरे 02 हाईवा वाहन पकड़े गए जिन्हें कलेक्टर कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है। इस प्रकार कुल 12 वाहन जब्त किए गए हैं।

खनिज विभाग ने बताया कि सभी वाहनों के चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्यवाही प्रारंभ की गई है।

इस अभियान में वरिष्ठ खनिज निरीक्षक आशीष गड़पाले, खनिज निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमला की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

जिला खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने बताया कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति या वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्यवाही से अवैध रेत कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या रेत परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!