मैनपाट में भाजपा प्रशिक्षण शिविर के चलते शराब बिक्री पर रोक, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

अम्बिकापुर।सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में आयोजित होने जा रहे भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 7 जुलाई से 9 जुलाई दोपहर 2 बजे तक मैनपाट क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
वायरल हो रहे आदेश में जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में मैनपाट क्षेत्र में किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री, क्रय-विक्रय एवं उपभोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय शिविर में आने वाले वरिष्ठ नेताओं, अतिथियों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
भाजपा का प्रशिक्षण शिविर 7 से 9 जुलाई तक
मैनपाट में 7 जुलाई से भाजपा के सांसदों और विधायकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है, जिसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। वहीं, 9 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिविर का समापन करेंगे।
शिविर में कुल 12 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें
- जेपी नड्डा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा)
- अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री)
- शिवराज सिंह चौहान (केंद्रीय मंत्री)
- धर्मेंद्र प्रधान (केंद्रीय मंत्री)
- बी. एल. संतोष (राष्ट्रीय संगठन महामंत्री)
समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
प्रशिक्षण शिविर में वीआईपी आगमन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मैनपाट और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई भी व्यक्ति आदेश का उल्लंघन न कर सके।
यह फैसला जहां भाजपा शिविर की गरिमा बनाए रखने की दृष्टि से लिया गया है, वहीं आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है।
संपर्क में रहें — छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए।



