फिर से हड़ताल की राह पर ड्राइवर, रात से स्टेरिंग छोड़ो आंदोलन होगा शुरू,वाहन चालकों ने सौंपा ज्ञापन…
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने कहा कि हम चक्काजाम या हड़ताल जैसे कदम नहीं उठा रहे हैं, अपनी मर्जी से काम पर नहीं जा रहे हैं। विचार विमर्श के लिए अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
कबीरधाम जिले में एक बार फिर से वाहन चालकों की हड़ताल शुरू होने वाली है। इसे लेकर मंगलवार को कबीरधाम में छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने ज्ञापन सौंपा है। जिला अध्यक्ष राजेश श्रीवास ने बताया कि सभी ड्राइवर सरकार द्वारा बनाए गए हिट एट रन के कानून, जिसमें दस साल की सजा का प्रावधान है, इस कानून की वजह से हमे गाड़ी चलाने में डर लगने लगा है। इसलिए सभी ड्राइवर नौ जनवरी से लेकर जब तक यह कानून नहीं हट जाता, तब तक स्वयं अपनी मर्जी से स्टेरिंग छोड़ो आंदोलन के तहत काम पर नहीं जाने का निर्णय लिया है।
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने कहा कि हम चक्काजाम या हड़ताल जैसे कदम नहीं उठा रहे हैं, अपनी मर्जी से काम पर नहीं जा रहे हैं। विचार विमर्श के लिए अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। अन्य राज्यों/जिलों से आने वाले ड्राइवरों से चर्चा करेंगे। शांतिपूर्ण तरीके से स्टेरिंग छोड़ो आंदोलन के माध्यम से हल निकालना चाहते हैं। इसके अलावा जो व्यक्ति आंदोलन के तहत किसी प्रकार की उपद्रव या शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है,तो उस व्यक्ति की स्वयं जवाबदारी रहेगी। संगठन या पदाधिकारी जवाबदार नहीं रहेगा।




