सुशासन तिहार में आए रोचक आवेदन हुए वायरल, मैनपाट में ससुराल जाने के लिए मांगी मोटरसाइकिल, वित्त मंत्री को विभाग से हटाने की मांग भी शामिल

मैनपाट/रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत मिल रहे अजीबो-गरीब और रोचक आवेदनों की धूम है। सोशल मीडिया पर एक से बढ़कर एक आवेदन वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ मांगें हंसी का कारण बन रही हैं तो कुछ ने सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल भी उठाए हैं।
मैनपाट से वायरल हुआ एक मजेदार आवेदन

एक युवक अगेश कुमार ने अपने आवेदन में लिखा है कि उसे ससुराल जाने में काफी परेशानी होती है, इसलिए उसे “एक नग मोटरसाइकिल” प्रदान की जाए। यह आवेदन स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच खूब चर्चा में है।
फाइनेंस मिनिस्टर को विभाग से हटाने की मांग…

वहीं, एक अन्य आवेदन और भी अधिक सनसनीखेज है। आवेदन क्रमांक 25144630400069 के तहत शत्रुघन सिन्हा नामक आवेदक ने छत्तीसगढ़ के धाकड़ भाजपा नेता,वित्त मंत्री ओपी चौधरी को वित्त विभाग से हटाने की मांग की है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव से पूर्व 57,000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की गई थी, और लोकसभा चुनाव के पहले 33,000 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया गया था, लेकिन वित्त मंत्री ने शिक्षक भर्ती की फाइल को रोक रखा है और भर्ती की अनुमति नहीं दे रहे।
हमारी टीम वायरल पत्रों का सत्य होने की पुष्टि नहीं करता …
इन आवेदनों की प्रमाणिकता की पुष्टि हमारी टीम द्वारा नहीं की गई है,लेकिन इनका सोशल मीडिया पर वायरल होना सुशासन तिहार की गंभीरता और लोगों की अपेक्षाओं दोनों को उजागर करता है।




