
मॉडल आश्रम के रूप में किया जा रहा है विकसित
कलेक्टर भीम सिंह ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का लिया जायजा
रायगढ़ । धरमजयगढ़ विकासखंड के छाल में कन्या आश्रम को एक मॉडल आश्रम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिये कलेक्टर भीम सिंह के पहल व मार्गदर्शन में खनिज न्यास निधि व मनरेगा के अंतर्गत 37 लाख 33 हजार रुपये की लागत से उन्नयन कार्य किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न विभागों को कार्य सौंपे गये है। कलेक्टर भीम सिंह ने निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि बच्चियों के लिये एक बेहतर माहौल तैयार करने के उद्देश्य से यह मॉडल आश्रम तैयार किया जा रहा है। जहां बुनियादी सुविधाओं के स्तर में वृद्धि के साथ बच्चियों के शारीरिक व बौद्धिक विकास हेतु सुविधायें उपलब्ध करवायी जा रही है। यहां बच्चों के लिये कम्प्यूटर लैब, लाईब्रेरी, खेल-कूद के लिये व्यवस्थित मैदान तैयार किया जा रहा है।

कलेक्टर सिंह ने आश्रम परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों से किये गए कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में लगने वाली सामग्री में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। बच्चों के कमरों व क्लास रूम में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था हो। खिड़कियों में मच्छर की जाली लगवाये। टाईलिंग के दौरान स्लोप और स्टेपिंग का ध्यान अवश्य रखें। कक्षाओं में अच्छी क्वालिटी का ब्लेक बोर्ड लगवाये। फर्नीचर बच्चों की सुविधानुसार ही रखे जायें। उन्होंने कमरों और रसोई में वेंटीलेशन अच्छा रखने के निर्देश दिये जिससे कमरा हवादार हो। आश्रम परिसर के बाहर हरियाली बढ़ाने के लिये पौधरोपण करवाने के लिये कहा। पीने के साफ पानी के लिये आरओ लगवाने के लिये कहा। खेल मैदान को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिये।
इस दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम संबित मिश्रा व सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जितेन्द्र गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी व आश्रम स्टॉफ उपस्थित रहे।





