मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर राहुल गांधी बोले- उनके जैसे पीएम की कमी महसूस कर रहा देश

नई दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) को जन्मदिन की बधाई देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया. राहुल ने शनिवार को कहा भारत को बतौर पीएम मनमोहन सिंह की कमी महसूस हो रही है. साल 2004 से साल 2014 के बीच यूपीए गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने वाले सिंह 26 सितंबर को 88 वर्ष के हो गए.
राहुल ने कहा कि एक प्रधानमंत्री के तौर पर भारत डॉ. मनमोहन सिंह की कमी को महसूस कर रहा है. वायनाड सांसद ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह हम सबके लिए प्रेरणास्रोत हैं. कांग्रेस नेता ट्वीट किया कि- ‘प्रधानमंत्री के तौर पर भारत डॉ. मनमोहन सिंह की कमी को महसूस कर रहा है. उनकी ईमानदारी, शालीनता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. उन्हें जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं. यह साल उनके लिए खूबसूरत हो.’
India feels the absence of a PM with the depth of Dr Manmohan Singh. His honesty, decency and dedication are a source of inspiration for us all.
Wishing him a very happy birthday and a lovely year ahead.#HappyBirthdayDrMMSingh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 26, 2020
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बधाई दी. प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि मैं उनके स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करते हैं. मोदी ने ट्वीट किया- ‘डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई.मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह स्वस्थ्य रहें और दीर्घायु हों.’
कैंब्रिज में बिताए मनमोहन सिंह के यादगार लम्हे
बचपन में मनमोहन सिंह का वक्त अभावों में गुजरा. लेकिन पढ़ने-लिखने में उन्होंने कभी कोताही नहीं बरती. पाकिस्तान के पंजाब में जिस गाह इलाके में उनका परिवार रहा करता था, वो पिछड़ा इलाका था. गांव में न बिजली थी और न स्कूल. वो मीलों चलकर स्कूल पढ़ने जाया करते थे. किरोसीन से जलने वाले लैंप में उन्होंने पढ़ाई की है. अक्सर कई मौकों पर वो अपनी कामयाबी के पीछे अपनी शिक्षा का हाथ बताते हैं.
मनमोहन सिंह बचपन से ही शर्मीले रहे हैं. बीबीसी के कॉरेस्पोंडेंट मार्क टुली से बात करते हुए एक बार उन्होंने बताया था कि कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान उन्होंने यादगार लम्हे बिताए. वो कैंब्रिज में इकलौते सिख थे. वहां रहने के दौरान पूरे वक्त उन्होंने ठंडे पानी से नहाकर बिताया. इसके पीछे मजेदार कहानी है.
दरअसल नहाते वक्त वो अपने लंबे बालों की वजह से शर्मिंदगी महसूस करते थे. वो दूसरे लड़कों के बीच अपने लंबे बाल दिखाने से बचना चाहते थे. ये तभी मुमकिन था जब वो अकेले नहाते. सारे लड़के जब गर्म पानी आता तो एकसाथ लाइन लगाकर खड़े हो जाते और नहाते. मनमोहन सिंह सारे लड़कों के नहा लेने के बाद नहाते थे. तब तक गर्म पानी खत्म हो चुका होता और उन्हें ठंडे पानी से नहाना पड़ता.



