होली से पहले 210 से भी अधिक बदमाशों पर कार्रवाई, 60 लोगों को भेजा गया जेल


रायपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल ने जिले में त्योहारों के शांतिपूर्ण मनाए जाने को लेकर बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में एसएसपी लगातार अधिकारियों की मीटिंग लेकर उन्हें शांति समिति की बैठक लेने व अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने निर्देश भी दिए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर रायपुर पुलिस लगातार थाना क्षेत्रों के गुंडा व निगरानी बदमाशों तथा चाकूबाजी व उत्पात करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई अभियान चला रही है।

इसके तहत थाना क्षेत्र के फिक्स पॉइंट तथा पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार थाना क्षेत्रों की गश्त कर रही है तथा शांति व कानून व्यवस्था भंग करने वाले ऐसे सभी आरोपियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत रायपुर पुलिस ने 16 मार्च को ऐसे 60 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। 27 आरोपियों के विरुद्ध लघु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है जिसमें आर्म्स एक्ट जैसे प्रकरण शामिल हैं।
त्योहारों के दौरान बेहतर शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना क्षेत्र में फिक्स पॉइंट्स निर्धारित किए गए हैं तथा सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां चलाई जा रही हैं ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार का उपद्रव होने से रोका जा सके तथा उपद्रवियों के विरुद्ध पहले ही प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
ध्यातव्य है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा लगातार आगामी त्यौहारों होली तथा शब ए बारात को देखते हुए त्योहारों के शांतिपूर्ण मनाए जाने को लेकर लगातार जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठक लेना थाना क्षेत्र में घूम कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा करना तथा उनका सामंजस्य एवं सहयोग लेने हेतु निर्देशित किया गया है। रायपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



