आजादी के अमृत महोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व पेंटिंग प्रतियोगिता का विधायक ने किया शुभारंभ

कोण्डागांव बुधवार को नगरपालिका ऑडिटोरियम में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने का महोत्सव मनाया गया। इसके तहत् यहां चित्रकला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, 75 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धों के लिए विचार साझा करने हेतु संगोष्ठी का आयोजन किया गया था। इस महोत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष व विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवलाल मण्डावी, उपाध्यक्ष दिनेश सेठिया, जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, तहसीलदार विजय मिश्रा, सहायक आयुक्त संकल्प साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण व बड़ी संख्या में विद्यालयीन बच्चे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बच्चों ने जोश के साथ चित्रकला प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव पर आयोजनों में भाग लिया। इस दौरान पूरा माहौल जैसे तिरंगे के रंगों से भर गया। जहां चित्रों के माध्यम से बच्चों ने देश के शूरवीर जवानों व स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता को केनवास पर उकेरा वहीं चित्रकार राजकुमार कोर्राम ने अपने चित्र द्वारा पर्यावरण की रक्षा का संदेश दिया। 70 वर्षीय शांति बाई ने जहां आदिम चित्रकला को जीवंत किया तथा गंगादेवी भट्ट द्वारा प्रकृति और मानव के संबंधों को दिखाया। प्रसिद्ध भित्ती चित्र एवं पेंटर खेम वैष्णव की ओर से आदिवासी चित्रकला में देशभक्ति के रंगों को मिलाते हुए आदिवासियों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को दर्शाया।
इस दौरान पूर्व सैनिक केडी मानिकपुरी की ओर से कारगिल युद्ध में शामिल सेनानियों द्वारा तिरंगे को फहराने का दृश्य जीवंत किया गया। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों ने भी चित्रकला में अपना हाथ आजमाया। इस प्रतियोगिता में चित्रकारों द्वारा महात्मा गांधी के चरखे के साथ चित्र, आदिवासी महिला के चित्रण, महात्मा बुद्ध की अद्भूत चित्रण किया गया। इस अवसर पर दीवारों पर स्वतंत्रता पूर्व के स्कूलों एवं शासकीय कार्यालयों के चित्रों को जनसम्पर्क विभाग की ओर से लगाया गया। जिसके माध्यम से युवाओं को जिले की विरासतों के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। विधायक की ओर से इन छायाचित्रों को हर विकासखंड में प्रदर्शित कर लोगों को अपनी विरासतों से परिचित कराने को कहा।
00 विधायक ने भी पेंटिंग में आजमाया हाथ
इस दौरान विधायक ने चित्रकारों को आदिम संस्कृति एवं कला को आगे बढ़ाने के लिए आदिम संस्कृति कला को दिखाती हुई पेंटिंग बनाने के लिए चित्रकारों को प्रेरित किया। जिसपर चित्रकारों द्वारा विधायक को चित्रकारी के लिए आग्रह करने पर विधायक की ओर से स्वयं पेंट ब्रश उठाकर महात्मा बुद्ध की पेंटिंग में रंग भरा गया। उन्होंने बच्चों को भी आजादी के महोत्सव की बधाई देते हुए उनकी प्रतिभाओं की सराहना की गई।




