उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू हुए कोरोना संक्रमित, खुद को किया होम क्वारंटाइन

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उनकी कोविड-19 की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे एसिंप्टोमेटिक हैं और उनका स्वास्थ्य बेहतर बताया जा रहा है। वे होम क्वारनटीन में हैं और उनकी पत्नी ऊषा नायडू की कोविड-19 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह जानकारी उपराष्ट्रपति के सचिवालय की ओर से ट्वीट कर दी गई है।
उपराष्ट्रपति के सचिवालय के वेरीफाइड ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया है कि उनका आज यानी 29 सितंबर की सुबह रुटीन कोरोना टेस्ट हुआ। इस टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ट्वीट कर दी गई जानकारी के मुताबिक उपराष्ट्रपति का स्वास्थ्य बेहतर है और उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं।
उपराष्ट्रपति नायडू की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी पत्नी ऊषा नायडू का भी कोरोना टेस्ट किया गया। हालांकि, ऊषा नायडू की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिर भी उपराष्ट्रपति की पत्नी एहतियातन होम आइसोलेशन में हैं।
The Vice President of India who underwent a routine COVID-19 test today morning has been tested positive. He is however, asymptomatic and in good health. He has been advised home quarantine. His wife Smt. Usha Naidu has been tested negative and is in self-isolation.
— Vice President of India (@VPSecretariat) September 29, 2020
आपको बता दें कोरोना वायरस और डेंगू से पीड़ित दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की हालत में सुधार हो रहा है। दिल्ली के डिप्टी सीएम ने कहा है कि अब काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। बता दें कि डिप्टी सीएम सिसोदिया कोरोना और डेंगू के चलते दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में बीते हफ्ते भर्ती हुए थे। सिसोदिया को मैक्स साकेत अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी भी दी गई। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा ‘अब मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले 1 से 2 दिन में अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाऊंगा।
इन सबके बीच कोरोना का कहर देश में लगातार जारी है। हर रोज मरीजों की बढ़ती संख्या परेशान करने वाली हैं। देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 62 लाख के पार पहुंच गया है। जबकि कोरोना की चपेट में आकर मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 97 हजार के पार करीब पहुंच गया है। वहीं अब तक तकरीबन 52 लाख लोग ठीक होकर अपने-अपने घरों को पहुंच चुके हैं।
‘स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज सुबह जारी ताजा अपडेट (Coronavirus Update) के मुताबिक, देश में कुल कंफर्म केस की संख्या 62,25,764 है, जिसमें 97,497 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में फिलहाल 9,40,441 एक्टिव केस हैं। वहीं, ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 51,87,826 हो गया है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में 80,472 की बढ़ोतरी हुई है। जबकि 1179 लोगों की मौतें हुई।




