छत्तीसगढ़

शिविर में मिले आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर

महासमुंद।समय सीमा की बैठक में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज जिले में ग्राम स्तर पर लगाये जा रहे शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागवार संबंधित आवेदन पर की जा रही कार्यवाही की पूरी जानकारी रखें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदन पर की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की और लंबित प्रकरणों की जांच कर पात्रतानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदन पर की जा रही कार्यवाही की जानकारी लेते हुए यह भी निर्देशित किया कि आवेदनों के निराकरण की सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों की होगी। उन्होंने ग्राम स्तर पर प्राप्त सभी आवेदन की फाइलिंग करने और संबंधित आवेदकों को भी उसके आवेदन पर की गई कार्यवाही की सूचना देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को लाभ मिले यह भी सुनिश्चित करें।
बैठक में वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने बताया कि प्रदेश में पहली बार राज्य शासन द्वारा नर्सरी योजना का क्रियान्वयन वन विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। जिसमें राज्य स्तर पर पांच जिलों में 41 स्कूलों का चयन किया गया है। जिसमें से महासमुंद जिले के पांच स्कूल इस योजना के तहत शामिल है। इनमें केन्द्रीय विद्यालय महासमुंद, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, बरेकेल खुर्द, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जम्हर, केन्द्रीय विद्यालय सरायपाली एवं शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कुडेकेल शामिल है। इसमें प्रति विद्यालय छात्रों के माध्यम से एक हजार पौधे तैयार किए जाने है। जिसमें विद्यार्थियों को बीज संग्रहण, उनके अंकुरण, पौधा वृद्धि, रखरखाव के बारे में सिखाते हुए, पौधरोपण तक की प्रक्रिया में भागीदार बनाना है।
इस दौरान कलेक्टर ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रस्तावित प्रदेशव्यापी विधानसभा स्तरीय दौरे के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी जन सामान्य की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुन कर निराकरण करें। उन्होंने कहा कि जन सामान्य की छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और यथासंभव तत्काल निराकरण भी करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर ओ.पी. कोसरिया, डाॅ. नेहा कपूर, एसडीएम भागवत जायसवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे तथा ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!