
नरेन्द्र पटेल@ टेमटेमा/खरसिया।श्रावण मास की नागपंचमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय अघरिया समाज इकाई खरसिया के अध्यक्ष हेमन्त कुमार पटेल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ अपने गृह ग्राम टेमटेमा स्थित पैतृक निवास में विधिपूर्वक रुद्राभिषेक पूजन सम्पन्न किया।

समस्त वेद-मंत्रों और वैदिक परंपराओं के अनुसार शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, घृत, शहद और गन्ने के रस सहित पंचामृत से रुद्राभिषेक किया गया।

पूजन का वातावरण अत्यंत भक्तिमय, पवित्र और भावविभोर कर देने वाला था। वेदों की गूंज, घंटियों की ध्वनि और श्रद्धा से भरे हृदयों की आस्था इस आयोजन की आत्मा बन गई थी।

इस दिव्य अनुष्ठान के पश्चात अध्यक्ष श्री पटेल ने भगवान शिव से समस्त स्वजातीय बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की मंगलकामना करते हुए कहा —
“भगवान भोलेनाथ की कृपा से समाज में समरसता, संगठन और सतत विकास का मार्ग प्रशस्त होता रहे, यही मेरी मनोकामना है।”
इस धार्मिक आयोजन में ग्रामवासी, समाजजन, गणमान्य नागरिक,वरिष्ठजन एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। पूजन के उपरांत सभी को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।

समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने इस आध्यात्मिक आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए अध्यक्ष हेमन्त कुमार पटेल एवं उनके परिवार को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दीं।

यह आयोजन ना केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज में संस्कृति, सेवा और समर्पण की भावना को भी पुष्ट करता है। नागपंचमी के दिन भगवान शिव की विशेष उपासना का यह स्वरूप पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार करता प्रतीत हुआ।
🔱 हर-हर महादेव 🔱




