
रायपुर। बिलासपुर जिले में 72वां गणतंत्र दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि पटेल ने मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि द्वारा शांति के प्रतीक कबूतर एवं उल्लास के प्रतीक गुब्बारे उड़ाये गये। समारोह में नक्सल हमले में शहीदों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दयाराम कलवानी एवं नंदु भांगे को उनके घर जाकर शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में कोरोना महामारी से निपटने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोरोना वारियर्स, राजस्व विभाग, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान किया गया। जिले में आयुष्मान भारत एवं डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिल्हा को पुरस्कृत किया गया। जन स्वास्थ्य केन्द्र गनियारी एवं रामकेयर अस्पताल को श्रेष्ठ सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर बेसबॉल एवं मार्शल आर्ट के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
समारोह में जिला पुलिस बल पुरूष एवं जिला पुलिस बल महिला, जिला होम गार्ड पुरूष एवं जिला होम गार्ड महिला की टुकड़िया शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




