
चपले।खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चपले स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी चालक घायल हो गया। हादसे में चालक के हाथ और पैर में चोटें आई हैं, जबकि स्कूटी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी और एक मालवाहक वाहन के बीच टक्कर होने से दुर्घटना हुई। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चपले भेजा गया।
दुर्घटना स्थल से प्राप्त तस्वीरों में स्कूटी के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है, जिससे टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि स्कूटी चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण सिर पर गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। विशेषज्ञों के अनुसार दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवनरक्षक सुरक्षा कवच है। यदि चालक हेलमेट नहीं पहना होता, तो दुर्घटना के परिणाम कहीं अधिक गंभीर हो सकते थे।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।




