छत्तीसगढ़बलरामपुर

बलरामपुर में मौसम ने ली करवट, तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश

बलरामपुर। जिले में गुरुवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी-तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश ने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया। विशेष रूप से राजपुर क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति बनी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-343 पर भी असर डाला। कुछ स्थानों पर जलभराव और कीचड़ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेज हवा के चलते लोगों ने सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया।

पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी और बढ़ते तापमान से लोग परेशान थे। अचानक हुई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ताजगी महसूस की गई।

हालांकि किसानों और आम नागरिकों ने वर्षा का स्वागत किया है, लेकिन तेज आंधी और खराब मौसम के कारण कुछ क्षेत्रों में दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।

फिलहाल,बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!