शहीद एसआई श्याम किशोर शर्मा का पैतृक गांव खाला में किया गया अंतिम संस्कार

शहीद एसआई श्याम किशोर शर्मा का पैतृक गांव खाला में किया गया अंतिम संस्कार

पिता बृजमोहन शर्मा ने दी मुखाग्नि, पुलिस के जवानों द्वारा दी गॉर्ड ऑफ ऑनर
मदनवाड़ा नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए थाना प्रभारी श्याम किशोर शर्मा का आज यहाँ उनके पैतृक गांव अम्बिकापुर जनपद के ग्राम खाला के बांस तालाब के पास अंतिम संस्कार किया गया। शहीद एसआई श्याम किशोर शर्मा के पिता बृजमोहन शर्मा ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद एसआई को अंतिम विदाई दी। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उईके तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहीद एसआई श्माय किशोर शर्मा के शहादत को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया है।
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, लुण्ड्रा विधायक डाॅ. प्रीतम राम, सरगुजा संभाग कमिश्नर ईमिल लाकड़ा, सरगुजा रेंज के महानिरीक्षक रतनलाल ड़ांगी, कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने ग्राम खाला पहुंचकर शहीद एसआई श्याम किशोर शर्मा के पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धान्जलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
शाहिद एसआई श्याम किशोर शर्मा के नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद होने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने दरिमा एयरपोर्ट सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी थी। आज दोपहर को एयर फोर्स के हैलीकॉप्टर शहीद एसआई का पार्थिव शरीर को लेकर दरिमा एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से उनका पार्थिव शरीर ग्राम खाला लाया गया। तिरंगे में लिपटा शहीद एसआई श्याम किशोर के पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके ग्राम खाला स्थित निवास में रखा गया। जांबाज शहीद श्याम किशोर शर्मा के अंतिम दर्शन पश्चात क्षेत्रवासियों नम आंखों से अंतिम विदाई दी। ग्राम खाला के बांस तालाब स्थित शमशान घाट के पास पुलिस की गॉर्ड ऑफ ऑनर के साथ शहीद श्याम किशोर शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया ।
राजनंदगांव जिले के मदनवाड़ा थाने में पदस्थ थाना प्रभारी एसआई श्याम किशोर शर्मा शुक्रवार रात्रि में मदनवाड़ा थाने के परधौनी में नक्सली मुठभेड़ में चार नक्सलियों को ढेर करने के बाद शहीद हो गए थे। सरगुजा जिले के ग्राम खाला निवासी 38 वर्षीय शहीद एसआई श्याम किशोर शर्मा 4 भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। परिवार में उनकी शादी को लेकर बात चल रही थी। शहीद एसआई शर्मा के पिता श्री बृजमोहन शर्मा ने अपने बेटे की शहादत पर गर्व करते हुए देश सेवा के लिए आत्मोत्सर्ग बताया । कोविड 19 के संक्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा शहीद श्याम किशोर शर्मा के अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार के दौरान भीड न हो इसलिए सीमित संख्या में उपस्थित होने कहा गया था।इसके साथ ही अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों के लिए मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग का अनुपालन भी अनिवार्य किया गया था।


