
खरसिया।खरसिया विधानसभा क्षेत्र के रायगढ़ विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम केराझर में श्रीकृष्ण भगवान की अनुकम्पा से एकादशी व्रतोद्यापन पूजन का भव्य आयोजन 28 से 30 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य वैदिक परंपराओं के अनुरूप व्रत उद्यापन, पुण्य अर्जन और सामाजिक-सांस्कृतिक समरसता को सुदृढ़ करना है।
आयोजन के पहले दिन माघ शुक्ल पक्ष दशमी, बुधवार 28 जनवरी को प्रायश्चित दान एवं मांगलिक कलश स्थापना की जाएगी। दूसरे दिन माघ शुक्ल पक्ष एकादशी, गुरुवार 29 जनवरी को विष्णु प्रतिष्ठा, वेदी पूजन एवं शाम 3 बजे भव्य कलश यात्रा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। अंतिम दिन माघ शुक्ल पक्ष द्वादशी, शुक्रवार 30 जनवरी को हवन, तर्पण, सहस्त्रधारा, पूर्णाहुति के साथ ब्राह्मण भोज एवं भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन उद्यापनकर्ता श्रीमती रुकमणी पटेल एवं श्री कार्तिक राम पटेल अधिवक्ता परिवार द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से ग्रामवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।
यज्ञाचार्य के रूप में प्रसिद्ध विद्वान पंडित जनक द्विवेदी जी (टायंग) वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समस्त अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। आयोजन स्थल ग्राम केराझर, पोस्ट कोंडतराई, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) निर्धारित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, एकादशी व्रतोद्यापन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक चेतना के साथ सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण होता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए पूजा, भजन, प्रसाद वितरण और सामूहिक सहभागिता की व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।




