शक्राजीत नायक : तारों से जा मिला रायगढ़ का सितारा स्मृति शेष : प्रेस क्लब रायगढ़ ने दिवंगत शक्राजीत नायक को नम आंखों से याद किया

शक्राजीत नायक : तारों से जा मिला रायगढ़ का सितारा
स्मृति शेष : प्रेस क्लब रायगढ़ ने दिवंगत शक्राजीत नायक को नम आंखों से याद किया
पूर्व विधायक रोशन लाल अग्रवाल के निधन के शोक से अंचल उबर ही रहा था कि रायगढ़ के एक और कद्दावर नेता पूर्व विधायक व पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. शक्राजीत नायक का निधन सभी को स्तब्ध कर गया। मंत्री और विधायक होने कारण के पत्रकारों से वह सदैव रू-ब-रू होते और एक तरीके से उनका पत्रकारों से आत्मीय संबंध बन गया। उनके निधन की खबर ने जिले के हर पत्रकार को दुखी कर गया। उनके निधन के दिन प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष हेमंत थवाईत की अगुवाई में उनकी अंत्येष्टि में शामिल हुआ, हेमंत थवाईत ने पूरी बिरादरी की ओर से उनके पुत्र व रायगढ़ विधायक को इस दुख की बेला में ढांढस बंधाया।
प्रेस क्लब के संरक्षक उदयराम थवाईत, अनिल रतेरिया, दिनेश मिश्रा, नवनीत जगतरामका और नरेश शर्मा ने पूर्व सिचाई मंत्री शक्राजीत नायक के निधन पर शोक जताया।
वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी जो कि दिवंगत शक्राजीत नायक के हमउम्र थे और उन्हें छात्र जीवन से जानते थे बताते हैं कि शक्राजीत नायक से उनके सदैव मित्रवत संबंध रहे। वह सीधे और स्पष्ट तरीके से अपनी बात रखते थे। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में उन्होंने रायगढ़ का नाम रोशन किया।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत बताते हैं कि वह उनके लिए पिता तुल्य थे और हमेशा कहते कि मुझे अपनी पिता की विरासत को बहुत आगे तक ले जाना है। वरिष्ठ पत्रकार और प्रेस क्लब के सचिव नवीन शर्मा याद करते हैं कि नायक जी लोगों के सदैव आगे रहते थे बतौर पत्रकार जब मैं उनसे किसी समस्या का जिक्र करता था तो वह उसके बारे में अपनी राय के अलावा उसके हल पर भी काम करने लग जाते थे।
वरिष्ठ पत्रकार राजेश जैन बताते हैं कि डॉ. नायक से उनका बहुत ही आत्मीय संबंध था। वह पत्रकारों का बहुत सम्मान करते थे। जब मैंने पत्रकारिता शुरू की तो राजनीति की खबरों के लिए मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। वरिष्ठ पत्रकार पुनीराम रजक कहते हैं कि शुरुआत में मुझे उनसे बात करने में झिझक होती थी लेकिन जैसे ही एक बार मैं उनका इंटरव्यू करने गया तो एहसास हुआ कि वह बेहद शालीन हैं और उसके बाद हमारे संबंध भी अच्छे हो गए।
सीनियर पत्रकार विवेक श्रीवास्तव ने डॉ. नायक को याद करते हुए कहा कि वह मुझसे कहते कि आपकी दो लाइने ही खतरनाक है, हमेशा यह तेवर बनाए रखना। पत्रकार चूढ़ामणि साहू बताते हैं कि शक्राजीत भैया हमेशा मुझसे कहते कि तुमने जो देखा है वही जिंदगी है इसी कसौटी पर हमेशा खबरों व लोगों को तौलना। मोहसिन खान बताते हैं कि उनकी वन विभाग की खबरों को लेकर तत्कालीन विधायक दिवंगत शक्राजीत नायक उन्हें रायगढ़ का मोंगली रिपोर्टर कहते थे।अविनाश पाठक ने याद किया कि शक्राजीत भैया कई बार चुटीले अंदाज में कहते थे कि कभी बिना कैमरे के भी हमसे बुलवाया करो।
अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि चुनाव के समय में डेप्थ रिपोर्टिंग के लिए आंकड़ों की जब भी जरूरत होती वह शक्राजीत नायक जी से संपर्क करते। स्वास्थ्य खराब होने के चलते वह सवालों को लिखित में मांगते और उसका जवाब लिखित में देते कोई टालमटोल नहीं करते। पत्रकार सुशील पाण्डेय कहते हैं कि शक्राजीत नायक भैया से ज्यादा तो नहीं मिला पर जब भी मिला उन्होंने शालीनतापूर्क व्यवहार किया और सवाल-जवाब बाद में होते पहले वह चाय पिलाते थे।
वरिष्ठ पत्रकार साकेत पाण्डेय ने बताया कि डाक्टर शक्राजीत नायक बहुत ही सरल, सौम्य और व्यवहारकुशल थे। हमेशा सभी को बड़े ही संजीदगी से सुनकर उनके समस्या का निवारण करने की उनमें अदभुत क्षमता थी। वही बात प्रकाश भाई में भी मैंने देखा है। डा. नायक जी से कई मर्तबा मै संजय काम्प्लेक्स सब्जी बाजार में मुलाकात होती थी सभी सब्जीवालों से पूरी सौम्यता से बात कर उनसे सब्जी खरीदते थे और उनकी समस्या भी सुनते थे।
लॉकडाउन खुलने के बाद प्रेस क्लब रखेगा श्रद्धांजलि सभा
प्रेस क्लब के सचिव नवीन शर्मा में बताया कि लॉकडाउन के दौरान कई साथी उनके परिजनों, मित्रों का निधन हो गया है। डॉ. शक्राजीत नायक प्रेस बिरादरी के लिए सम्मानीय रहे हैं। लॉकडाउन खुलने के बाद प्रेस क्लब इन सभी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करेगा। लॉकडाउन का पत्रकार पालन कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर ही फील्ड में जा रहे हैं। मैं सभी पत्रकारों से आग्रह करता हूं कि वे अपने घरों में रहे, यह विपरीत समय जल्द ही बीत जाएगा।
लॉकडाउन में वर्चुअल जताई शोक संवेदना
प्रेस क्लब के अनिल पाण्डेय, राजेश जैन, पुनीराम रजक, विनय पाण्डेय, युवराज सिंह आजाद, रोहिताश्व बेहरा, सुनील नामदेव, संजय बोहिदार, विवेक श्रीवास्तव, संतोष बहिदार, आनंद शर्मा, चूढ़ामणि साहू, स्वतंत्र महंत, विश्वजीत सरकार, अनिल गर्ग, हरिशंकर गौराहा, नंदकुमार पटेल, गणेश अग्रवाल, राकेश स्वर्णकार, शमशाद अहमद, संदीप बेरिवाल, मोहसिन खान, गौतम अग्रवाल,सुशील मित्तल, अभिषेक उपाध्याय, अखिलेश पुरोहित, आलोक पाण्डेय, सुशील पाण्डेय, प्रेम मौर्या, अविनाश पाठक, प्रवीण त्रिपाठी, अमित पाण्डेय, भूपेंद्र सिंह चौहान, लोकेंद्र सिंह ठाकुर, सुशील मित्तल, गौतम अग्रवाल, राजा खान, मुरली बोहिदार, संतोष पुरुषवानी, चितरंजन सिंह, विपिन मिश्रा, विपिन राय, अमित गुप्ता, प्रशांत तिवारी, हीरा मोटवानी,महेश शर्मा, आदि ने वर्चुअली अपनी शोक संवेदना विधायक प्रकाश नायक और जिला पंचायत सदस्य कैलाश नायक से विभन्न माध्यमों से व्यक्त की।




