उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डे 9 से 14 मई तक अस्थायी रूप से बंद, एटीएस मार्गों पर भी प्रभाव
नई दिल्ली,भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने परिचालन संबंधी कारणों से देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में स्थित 32 हवाई अड्डों को 09 मई से 14 मई 2025 तक सभी नागरिक उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। यह अस्थायी बंद 15 मई 2025 को प्रातः 05:29 IST तक प्रभावी रहेगा।
यह निर्णय एएआई और संबद्ध विमानन एजेंसियों द्वारा जारी एक श्रृंखला के नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) के माध्यम से लिया गया है, जिसमें बताया गया है कि उक्त अवधि के दौरान इन हवाई अड्डों पर किसी भी प्रकार की नागरिक उड़ानें संचालित नहीं होंगी।
प्रभावित हवाई अड्डों में शामिल हैं:
अमृतसर, श्रीनगर, लेह, जम्मू, चंडीगढ़, शिमला, कुल्लू मनाली (भुंतर), कांगड़ा (गग्गल), जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, भुज, राजकोट (हीरासर), पोरबंदर सहित कुल 32 हवाई अड्डे इस सूची में शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली और मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्रों (FIRs) के भीतर 25 हवाई यातायात सेवा (ATS) मार्ग खंड भी 14 मई 2025 तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। NOTAM संख्या G0555/25 के अनुसार ये मार्ग जमीनी स्तर से असीमित ऊंचाई तक के लिए अनुपलब्ध रहेंगे।
उड़ानों के मार्गों में बदलाव
एएआई ने सभी एयरलाइंस और फ्लाइट ऑपरेटरों को सलाह दी है कि वे मौजूदा हवाई यातायात परामर्शों के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं। एटीसी इकाइयों के समन्वय से इस अस्थायी बंद को व्यवस्थित ढंग से प्रबंधित किया जा रहा है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी निर्धारित उड़ानों की स्थिति के बारे में एयरलाइंस से संपर्क में रहें और किसी भी अप्रत्याशित देरी या बदलाव के लिए तैयार रहें।
PIB


