बलरामपुर में अवैध अफीम की खेती का खुलासा, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही …

बलरामपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्यवाही के दौरान अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक खेत में छापेमारी कर अफीम की अवैध फसल बरामद की है।
कार्यवाही के दौरान खेती में लगे तीन मजदूरों और खेत के दो मालिकों को हिरासत में लेकर पूछ-ताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि मौखिक लीज पर दी गई थी, जहां झारखंड के कुछ लोगों द्वारा अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर भी पहुंचे। राजस्व विभाग की टीम द्वारा भूमि और फसल का आकलन किया जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार लगभग दो-दो एकड़ के प्लॉट लीज पर दिए गए थे, जिनके बीच के करीब दो एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध फसल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है।




