
रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाये रखने को लेकर आज जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार भी बैठक में अपने विभाग के अधिकारियों के साथ शामिल हुए। बैठक के दौरान जिले में कानून व्यवस्था को बनाये रखने को लेकर अधिकारियों ने गहन मंथन किया और आगे की कार्ययोजना तैयार की।


पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का काम घटना के बाद तफ्तीश की तो है ही लेकिन घटना को रोकना उससे ज्यादा महत्वपूर्ण कार्य है, इसके लिए जरूरी है कि अपना सूचना तंत्र मजबूत रखें और हमेशा अलर्ट रहे। जिससे किसी अप्रिय स्थिति से पहले ही उसे रोका जा सके। उन्होंने क्षेत्र में आदतन अपराधियों की पहचान कर उन पर नजर रखने तथा शिकायत पर तत्काल कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर राजीव पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा, आईपीएस उदित पुष्कर, एसडीएम रायगढ़ गगन शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव उपाध्याय सहित, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार व टी आई शामिल हुए।




