
बड़े देवगांव सरपंच ने थामा भाजपा का दामन, गांव में सामुदायिक भवन-सीसी रोड की घोषणा
खरसिया। भारतीय जनता पार्टी महका मंडल द्वारा ग्राम बड़े देवगांव के स्कूल प्रांगण,भवन में एक विशेष संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आपातकाल स्मृति दिवस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को समर्पित रहा। भारी बारिश के बावजूद ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति और उत्साह ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र गवेल ने आपातकाल के काले अध्याय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोकतंत्र की रक्षा में भाजपा की भूमिका को रेखांकित किया। ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री सनत नायक ने डॉ. मुखर्जी के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए सभी को प्रेरणा लेने की बात कही।
जिला मंत्री महेश साहू ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर बोलते हुए कहा कि जैसे एक मां अपने बच्चे की सेवा करती है, वैसे ही लगाए गए पेड़ की देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही ग्राम बड़े देवगांव की सरपंच श्रीमती संध्या मिरी एवं सरपंच प्रतिनिधि रोहित मिरी सहित कई कार्यकर्ताओं का भाजपा में प्रवेश। उन्होंने भाजपा की नीतियों और विकास दृष्टिकोण से प्रेरित होकर पार्टी की सदस्यता ली और समर्पणपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डॉ. हितेश गवेल, महामंत्री श्रीमती लक्ष्मी देवी साहू, ओमप्रकाश राठौर, कोषाध्यक्ष शिव चरण महिष, वरिष्ठ नेता मनोज राठौर, जनपद पंचायत सभापति प्रतिनिधि लक्ष्मी पटेल, पंकज महिपाल, संजय गवेल, जयप्रकाश डनसेना, नोवल किशोर कनेर, गुलाब गवेल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रविंद्र गवेल द्वारा ग्राम में सामुदायिक भवन,सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए कार्य स्वीकृत कराने की घोषणा की गई, जिससे ग्रामवासियों में हर्ष का वातावरण बन गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महका मंडल, ग्राम बड़े देवगांव एवं बोरदी के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा। अंत में डॉ. हितेश गवेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही भाजपा की असली शक्ति है।



