
खरसिया।विकासखंड खरसिया के अंतर्गत शासकीय कन्या आश्रम तेन्दुमुड़ी में पदस्थ शिक्षक हेमसागर कमलवंशी की 20 अप्रैल 2026 को एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। बताया गया कि वे जनगणना प्रशिक्षण से लौट रहे थे, इसी दौरान कार दुर्घटना का शिकार हो गए।

दिवंगत शिक्षक अपने पीछे परिवार के पांच सदस्यों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रधान पाठक शासकीय कन्या आश्रम माध्यमिक शाला तेन्दुमुड़ी,संकुल केंद्र बरभौना के समन्वयक द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन में मृतक के परिजनों को तत्काल अनुग्रह राशि प्रदान करने,शासकीय नियमों के तहत भविष्य निधि,समूह बीमा और अवकाश नगदीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही परिवार के एक पात्र सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी मांगा गया है।
सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए अनुग्रह राशि, बीमा और अनुकंपा नियुक्ति जैसी व्यवस्थाएं निर्धारित हैं। इनका उद्देश्य आश्रित परिवार को त्वरित राहत देना होता है।
ऐसे मामलों में सहायता प्रक्रियाओं में देरी होने पर परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से न केवल प्रभावित परिवार को राहत मिलती है, बल्कि शासन की संवेदनशीलता भी प्रदर्शित होती है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन मांगों पर कितनी तेजी से कार्यवाही करता है और मृतक शिक्षक के परिवार को समय पर राहत मिल पाती है या नहीं।




