
खरसिया।स्वर्गीय हेमसागर कमल वंशी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद कर्मचारी संगठनों ने प्रशासन से त्वरित कार्यवाही की मांग उठाई है। इस संबंध में एसडीएम खरसिया,तहसीलदार,जनगणना अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि दिवंगत शिक्षक के परिवार को नियमानुसार तत्काल मुआवजा, बीमा राशि और अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। साथ ही,जिस कर्मचारी द्वारा ड्यूटी लगाई गई थी, उससे स्पष्टीकरण लेकर पूरे मामले की जांच की जाए।

कर्मचारी संगठनों ने भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि निःशक्त, दिव्यांग, कमजोर स्वास्थ्य वाले कर्मचारी, 60 वर्ष के आसपास के कर्मचारी और गर्भवती महिलाओं को जनगणना, चुनाव और अन्य सर्वेक्षण कार्यों की ड्यूटी से मुक्त रखा जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
शिक्षा विभाग द्वारा स्वर्गीय कमल वंशी को श्रद्धांजलि दी गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक दीनबंधु जायसवाल,पूर्व संयोजक मानसाय यादव, सह संयोजक गुलाब सिंह कंवर,संरक्षक गिरजा शंकर शुक्ला,झनकेश्वर नायक सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
यह मामला प्रशासनिक जिम्मेदारी और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। यदि मांगों पर अमल होता है,तो संवेदनशील वर्गों को राहत मिल सकती है और ड्यूटी निर्धारण प्रक्रिया में बदलाव संभव है। अब नजर प्रशासन की कार्यवाही और जांच प्रक्रिया पर रहेगी,जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




