छत्तीसगढ़रायगढ़

कलेक्टर भीम सिंह ने कोविड अस्पतालों का किया निरीक्षण

कोरोना संक्रमित मरीजों से बातचीत कर भोजन व्यवस्था और साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया

रायगढ़। कलेक्टर भीम सिंह ने आज शहर के तीनों कोविड अस्पतालों (मेडिकल कालेज, मातृ शिशु चिकित्सालय एवं केआईटी परिसर) का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ने सर्वप्रथम मेडिकल कालेज अस्पताल में स्क्रीनिंग कक्ष से माइक के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित लगभग 20 मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके लिये उपलब्ध कराये जाने वाले नाश्ता, भोजन की क्वालिटी तथा सफाई व्यवस्था की भी जानकारी ली।

मरीजों ने नाश्ता और भोजन की तारीफ करते हुये सफाई व्यवस्था को बहुत अच्छा बताया। कलेक्टर सिंह ने मरीजों से उनके वार्ड में आने वाले डॉक्टरों के बारे में पूछने पर मरीजों ने अवगत कराया कि सामान्यत: दो बार डॉक्टर्स राउण्ड पर आते है।

कोरोना संक्रमित कई मरीजों ने कलेक्टर सिंह से अपना स्वस्थ होना और कोई लक्षण नहीं होना बताकर अस्पताल से छोडऩे की मांग की। कलेक्टर सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि आप लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगे और शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुये 10 दिनों के बाद ही अस्पताल से डिस्चार्ज किया जायेगा।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घबराने की आवश्यकता नहीं है यहां आपकी अच्छी तरह देखभाल हो रही है 24 घंटे डॉक्टर्स एवं नर्सेस की टीम जांच कर रही है आप लोग डॉक्टरों की सलाह का पालन करते हुये समय से दवाईयां लेते रहें। कोरोना संक्रमित मरीजों के देखभाल और व्यवस्थाओं के लिये डिप्टी कलेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।

साथ ही कोरोना संक्रमित मरीजों को प्रदाय किया जाने वाले नाश्ता और भोजन को फूड विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच करने के बाद ही वितरित किया जाता है। मेडिकल कालेज में ड्यूटी पर उपस्थित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने कलेक्टर सिंह को बताया कि यहां भर्ती किये गये मरीज डॉक्टर्स के राउण्ड के बारे में और वार्ड की सफाई व्यवस्था की फोटो खीचकर भेजते है और सुझाव भी देते है।

मरीजों के द्वारा वीडियो भी साझा किया जाता है। वार्डों की सफाई दिन में तीन बार की जाती है। सभी वार्डों में माइक सिस्टम लगाया गया है और डॉक्टर्स के मोबाइल नंबर लिखकर चस्पा किया गया है। इनके माध्यम से मरीज बात करते है। कलेक्टर सिंह मातृ शिशु चिकित्सालय कोविड अस्पताल पहुंचकर वहां पर मरीजों के लिये उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया यहां पर भी उन्होंने माइक के माध्यम से कोरोना संक्रमित मरीजों से बाचतीत कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।

कलेक्टर  सिंह ने कोविड अस्पताल केआईटी परिसर का भी निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत की। उन्होंने परिसर में एकत्रित किये गये भोजन के खाली डिब्बों और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिये और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों की मांग पर निर्धारित स्थानों पर साबुन, सेनेटाइजर और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को कहा।

कलेक्टर सिंह ने केआईटी कोविड अस्पताल के मरीजों से बात करते हुये कहा कि यहां पर बिना लक्षण वाले मरीजों को रखा गया है। इसलिये 10 दिन की अवधि पूर्ण होने पर मरीज अपने घर जा सकेंगे। कोरोना संक्रमित मरीजों ने उनके लिये उपलब्ध कराये जाने वाले नाश्ता, भोजन और साफ-सफाई व्यवस्था की तारीफ की। कोविड अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था के लिये नियुक्त डिप्टी कलेक्टर सोम भी उपस्थित थे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!